विपक्ष हर चुनाव में नया भ्रम जाल बुनता है : अनुप्रिया पटेल
सुभाष सुरेश
- 10 Dec 2025, 08:21 PM
- Updated: 08:21 PM
नयी दिल्ली, 10 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बुधवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या घुसपैठियों का बचाव केवल इसलिए होना चाहिए कि फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनवाकर ये किसी न किसी दल के वोटर बने हुए हैं।
लोकसभा में, चुनाव सुधारों पर चर्चा में भाग लेते हुए उन्होंने विपक्षी दलों के सदस्यों पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘विपक्ष के साथियों ने एक रवैया बना लिया है... न खाता न बही केवल हम सही।’’
पटेल ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कहा, ‘‘हमारे इन साथियों को लगातार मिल रही चुनावी हार ने इनके अंदर हताशा और निराशा पैदा कर दी है, इसलिए हर चुनाव में ये नया भ्रम जाल बुनते हैं।’’
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने लोकसभा सदस्य रहने के दौरान घुसपैठियों से जुड़ा मुद्दा इस सदन में उठाया था, लेकिन इनके नाम मतदाता सूची से हटाने का कोई ईमानदार प्रयास नहीं किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘सवाल यह नहीं है कि घुसपैठियों को निकालने का किसका कितना दायित्व है। सवाल यह जरूर है कि घुसपैठिये राष्ट्र की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं और इसपर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।’’
इसपर विपक्ष के कुछ सदस्यों के शोरगुल करने पर केंद्रीय मंत्री पटेल ने सवाल किया, ‘‘आप घुसपैठियों के साथ हैं क्या?’’
मंत्री के भाषण के दौरान कुछ विपक्षी सदस्यों के शोरगुल करने पर सत्ता पक्ष की ओर से कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई।
पटेल ने अपने भाषण के दौरान विपक्षी सदस्यों द्वारा व्यवधान डाले जाने पर पीठासीन सभापति से कहा कि ‘‘ये मेरा समय बर्बाद कर रहे हैं...।’’
भाजपा के राजीव प्रताप रूडी ने चर्चा में भाग लेते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कहा कि वे उन 60 लाख मतदाताओं को ढूंढ रहे हैं, क्योंकि उनकी राजनीति सिमट रही है।
उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘मेरा नाम शायद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में चला जाए, क्योंकि मैं एक ही घर के सभी लोगों के खिलाफ चुनाव लड़ा हूं। एक-दो लोग बचे हैं, और शायद यदि पार्टी अनुमति देगी तो उनके विरुद्ध भी जीत हासिल कर लूंगा।
समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग पूरी तरह से समर्पित होकर सरकार के लिए काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि एक ऐसी संस्था (निर्वाचन आयोग) द्वारा नागरिकता का प्रमाण मांगा जा रहा है, जिसके पास इसका वैध अधिकार ही नहीं है।
कांग्रेस की वर्षा एकनाथ गायकवाड़ ने कहा कि राहुल जी ने जीएसटी सहित जब भी कोई मुद्दा उठाया, सरकार को घुटने टेकने पड़े।
उन्होंने कहा कि चुनाव सुधार तभी हो सकते हैं जब इसे लागू करने वाले की नीयत साफ हो। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रुपया और निर्वाचन आयोग के बीच तेजी से गिरने की प्रतिस्पर्धा चल रही है।
कांग्रेस के ईशा खान चौधरी ने दावा किया कि एसआईआर के जरिये देश में ‘प्रेशर कुकर’ जैसा माहौल बना दिया गया है, जो विभिन्न राज्यों में बीएलओ की जान ले रही है।
कांग्रेस के इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिये मुसलमानों और दलितों के नाम मतदाता सूची से हटाये जा रहे हैं।
निर्दलीय सदस्य उमेश पटेल ने कहा कि एसआईआर की मांग करने वाला कोई देशद्रोही नहीं है और इससे जुड़े संदेह को दूर करना सरकार की जिम्मेदारी है।
भाषा सुभाष