पौड़ी के पोखड़ा में तेंदुए के हमले में महिला जख्मी, एक महीने में चौथी घटना
सं दीप्ति रंजन
- 10 Dec 2025, 08:22 PM
- Updated: 08:22 PM
पौड़ी, 10 दिसंबर (भाषा) उत्तराखंड में पौड़ी जिले के पोखड़ा प्रखंड में बुधवार को एक तेंदुए ने हमला कर एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिले के इस प्रखंड में एक महीने के अंदर तेंदुए के हमले की यह चौथी घटना है।
अधिकारियों ने यहां बताया कि घटना देवराड़ी तल्ली गांव में पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे हुई जब 36 वर्षीय कंचन देवी अन्य महिलाओं के साथ घास काट रही थी। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी ।
ग्रामीण पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि तेंदुए ने कंचन देवी की गर्दन और चेहरे पर अपने दांत गड़ा दिए।
उन्होंने बताया कि साथ गयी महिलाओं ने शोर मचाया लेकिन तेंदुए ने कंचन को नहीं छोड़ा।
इसी बीच, शोर सुनकर सड़क पर खड़े कुछ युवक घटनास्थल की ओर दौड़े और उनमें से ग्राम प्रहरी के रूप में तैनात अंकित कंडारी ने बहादुरी का परिचय देते हुए तेंदुए पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किया जिससे घबराकर वह महिला को छोड़कर खेतों की ओर भाग गया ।
उन्होंने बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल कंचन देवी को ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखड़ा पहुंचाया गया जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें निकटवर्ती सतपुली अस्पताल ले जाया गया।
बाद में पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने घटना का त्वरित संज्ञान लेते हुए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई जिससे कंचन को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है ।
घटना के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर देवराड़ी तल्ली व आसपास के क्षेत्रों में वन विभाग की टीमों की गश्त बढ़ा दी गयी है ।
एक माह के भीतर पोखड़ा ब्लॅाक में तेंदुए के हमले की यह चौथी घटना है । पिछले महीने 11 से 15 नवंबर के बीच पांच दिनों में तीन अलग—अलग घटनाओं में तेंदुए ने एक महिला को मौत के घाट उतार दिया था जबकि दो अन्य को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था ।
गढ़वाल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अभिमन्यु सिंह ने 'पीटीआई भाषा' को बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाया जा रहा है तथा वन विभाग के कर्मचारी और ग्राम प्रहरी को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ।
उन्होंने बताया कि लोगों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में अकेले न जाने तथा केवल समूहों में घर से बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है ।
भाषा सं दीप्ति