गुजरात: भाजपा ने छह और उम्मीदवारों की घोषणा की
अमित नोमान
- 25 Mar 2024, 08:48 AM
- Updated: 08:48 AM
अहमदाबाद, 25 मार्च (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए गुजरात से छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिसमें वडोदरा और साबरकांठा के लिए नए चेहरे भी शामिल हैं, जहां पार्टी के उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।
इसके साथ ही पार्टी ने उन सभी 26 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। राज्य में सात मई को एक ही चरण में चुनाव होने हैं।
भाजपा ने रविवार देर रात जारी छह उम्मीदवारों की अपनी नवीनतम सूची में सुरेंद्रनगर से आयुष एवं बाल विकास राज्य मंत्री महेंद्र मुंजपारा सहित पांच मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया।
वडोदरा और साबरकांठा सीट पर भाजपा ने क्रमश: मौजूदा सांसद रंजन भट्ट और भीखाजी ठाकोर को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, शनिवार को दो बार की सांसद भट्ट और ठाकोर ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की।
पार्टी ने भट्ट की जगह हेमांग जोशी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि शोभना बरैया ठाकोर की जगह चुनाव लड़ेंगी।
जोशी वडोदरा नगर निगम के म्यूनिसिपल स्कूल बोर्ड के उपाध्यक्ष हैं। बरैया प्रांतिज से भाजपा के पूर्व विधायक की पत्नी हैं।
भाजपा ने जूनागढ़ से अपने सांसद राजेश चुडासमा को दोबारा मैदान में उतारा है। यह तीसरी बार है जब वह लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
सुरेंद्रनगर में भाजपा ने मुंजपारा का टिकट काट दिया है और चंदू शिहोरा को टिकट दिया है। वह मोरबी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष थे।
भाजपा ने मेहसाणा से सारदाबेन पटेल की जगह हरि पटेल को टिकट दिया है। हरि पटेल उंझा शहर से हैं और पार्टी कार्यकर्ता हैं।
अमरेली सीट के लिए, भाजपा ने अपने तीन बार के सांसद नाराण कछाड़िया की जगह भरत सुतारिया को मैदान में उतारा है, जो वर्तमान में अमरेली जिला पंचायत अध्यक्ष हैं।
कांग्रेस गुजरात में 24 सीट पर चुनाव लड़ रही है और उनमें से 17 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने ‘इंडिया’ गठबंधन में अपनी सहयोगी आम आदमी पार्टी (आप) को दो सीटे-- भरूच और भावनगर दी हैं। आप ने दोनों सीट पर उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं।
वर्ष 2014 और 2019 के आम चुनाव में भाजपा ने राज्य की सभी 26 सीट पर जीत हासिल की थी।
भाषा अमित