बाइडन के ‘समर्थन’ में कमी, फिर भी दौड़ में बने रहेंगे : प्रचार टीम के अध्यक्ष
एपी अमित धीरज
- 19 Jul 2024, 08:26 PM
- Updated: 08:26 PM
वाशिंगटन, 19 जुलाई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन की प्रचार टीम ने इस बात पर जोर दिया है कि वह चुनाव लड़ने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
डेमोक्रेटिक पार्टी में कई शीर्ष स्तर के नेता हैं जो चाहते हैं कि बाइडन इस बात पर विचार करें कि कैसे 2024 के राष्ट्रपति पद चुनाव से हटकर नये उम्मीदवार के लिए रास्ता बनाया जा सकता है ताकि पार्टी को नवंबर में व्यापक नुकसान से बचाया जा सके।
बाइडन ने इस बात पर जोर दिया है कि वह रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को हरा सकते हैं। बाइडन कोविड से संक्रमित होने के बाद फिलहाल डेलावेयर स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। ऐसी स्थिति में जब वह इस बात पर विचार कर रहे हैं कि क्या उन्हें बढ़ते दबाव के आगे झुककर राष्ट्रपति पद की दौड़ से हट जाना चाहिए, वह परिवार के साथ हैं और कुछ पुराने सहयोगियों पर भरोसा कर रहे हैं।
बाइडन प्रचार अभियान की अध्यक्ष जेन ओ'मैली डिलियन ने राष्ट्रपति के समर्थन में ‘कमी होना’ स्वीकार किया, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि वह ‘निश्चित रूप से’ दौड़ में बने रहेंगे और प्रचार अभियान टीम ट्रंप को हराने के लिए ‘कई रास्ते’ देखती है।
उन्होंने एमएसएनबीसी के मॉर्निंग जो से कहा, ‘‘हमें अमेरिकी लोगों को यह भरोसा दिलाने के लिए बहुत काम करना है कि हां, वह बूढ़े हैं, लेकिन वह जीत सकते हैं।’’
उन्होंने कहा कि बाइडन की नेतृत्व करने की योग्यता के बारे में चिंतित मतदाता ट्रंप को वोट देने नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उनके पास सवाल हैं, लेकिन वे जो बाइडन के साथ बने रहेंगे।’’
इस बीच, डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी की नियम बनाने वाली शाखा की शुक्रवार को बैठक हो सकती है।
डेलावेयर के सीनेटर एवं अमेरिकी संसद में बाइडन के सबसे करीबी मित्र एवं उनके प्रचार अभियान के सह-अध्यक्ष क्रिस कूंस ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति बाइडन कॉकस के सदस्यों, सदन और सीनेट के कॉकस सदस्यों एवं सहयोगियों तथा डेमोक्रेटिक नेतृत्व में सहयोगियों के साथ महत्वपूर्ण पारिवारिक बातचीत के हकदार हैं, न कि लीक और प्रेस बयानों से जूझने के।’’
डेमोक्रेटिक पार्टी के अधिकांश सदस्य यह सोचते हैं कि उपराष्ट्रपति कमला हैरिस खुद एक अच्छी राष्ट्रपति साबित होंगी।
एपी अमित