व्यापार बोर्ड की बैठक तीन जुलाई को, निर्यात बढ़ाने के उपायों पर होगी चर्चा
अजय
- 28 Jun 2026, 12:58 PM
- Updated: 12:58 PM
नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की अध्यक्षता में व्यापार बोर्ड (बीओटी) की बैठक तीन जुलाई को नयी दिल्ली में आयोजित की जाएगी। बैठक में हाल में हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का अधिकतम लाभ उठाने, निर्यात को गति देने और देश के व्यापारिक लक्ष्यों को हासिल करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
एक सरकारी अधिकारी के अनुसार, बैठक में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि, निर्यात संवर्धन परिषदों (ईपीसी), सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों सहित व्यापार और उद्योग जगत के लोग हिस्सा लेंगे। इसमें निर्यात क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सुझावों पर विस्तार से विचार-विमर्श होगा।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब भारत ने वर्ष 2021 के बाद से मॉरीशस, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ओमान तथा यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के चार देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों को लागू किया है। इसके अलावा ब्रिटेन के साथ हुआ व्यापार समझौता 15 जुलाई से प्रभावी होने जा रहा है।
सरकार को उम्मीद है कि 27 देशों वाले यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ भी इस वर्ष के अंत तक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हो जाएंगे, जिसे अगले वर्ष लागू किया जा सकता है।
यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि सरकार ने वर्ष 2026-27 में देश के कुल माल निर्यात को एक हजार अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का माल निर्यात 863 अरब डॉलर रहा था।
इसी महीने सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के चेयरमैन सी.एस. शेट्टी, एप्पल इंडिया के प्रबंध निदेशक विराट भाटिया और महिंद्रा एंड महिंद्रा के प्रबंध निदेशक अनीश शाह सहित 29 गैर-सरकारी सदस्यों को व्यापार बोर्ड में नामित किया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में सरकार ने व्यापार विकास एवं संवर्धन परिषद का व्यापार बोर्ड में विलय कर दिया था, ताकि निर्यात-आयात से जुड़े सभी हितधारकों के साथ परामर्श प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
व्यापार बोर्ड केंद्र सरकार को विदेश व्यापार नीति से जुड़े विभिन्न सुझाव देने के साथ-साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैश्विक व्यापार परिदृश्य, अवसरों और चुनौतियों से भी अवगत कराता है।
इस बीच, भारत का निर्यात मई, 2026 में 18 प्रतिशत की वृद्धि के साथ छह महीने के उच्च स्तर 45.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। हालांकि, इसी दौरान व्यापार घाटा बढ़कर 28.21 अरब डॉलर हो गया।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल-मई के दौरान देश का निर्यात 16.09 प्रतिशत बढ़कर 88.91 अरब डॉलर रहा है, जबकि आयात 15.14 प्रतिशत बढ़कर 145.35 अरब डॉलर पहुंच गया। इस अवधि में व्यापार घाटा 56.44 अरब डॉलर रहा है।
भाषा अजय अजय
अजय
2806 1258 दिल्ली