जम्मू: मुबारक मंडी पैलेस में डोगरा संस्कृति और इतिहास को प्रदर्शित करने वाला धरोहर केंद्र खोला गया
रंजन
- 04 Jun 2026, 08:04 PM
- Updated: 08:04 PM
(अनिल भट्ट)
(तस्वीरों के साथ)
जम्मू, चार जून (भाषा) जम्मू के ऐतिहासिक मुबारक मंडी पैलेस में एक धरोहर परिसर (हेरिटेज कॉम्प्लेक्स) को खोल दिया गया है। इस परिसर में एक कैफेटेरिया, एक पुस्तकालय, एक 12 डी थिएटर और बच्चों के लिए मनोरंजन केंद्र है।
यह परिसर डोगरा काल के इस प्रतिष्ठित स्थल को एक प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जम्मू के मध्य में स्थित मुबारक मंडी, एक महल परिसर है, जो डोगरा राजवंश की प्रमुख राजधानी थी। इस राजवंश ने 20वीं शताब्दी के मध्य तक जम्मू-कश्मीर की तत्कालीन रियासत पर शासन किया था। इस विशाल परिसर का निर्माण 1824 में शुरू हुआ था और कई दशकों तक जारी रहा था।
'रॉयल लेगेसी' कॉम्प्लेक्स परियोजना को केंद्र शासित प्रदेश सरकार की 'जम्मू स्मार्ट सिटी' पहल के तहत विकसित किया गया है और इसकी देखरेख 'मुबारक मंडी जम्मू हेरिटेज सोसाइटी' द्वारा की गई है। इस परियोजना के तहत विशाल परिसर की पारंपरिक डोगरा वास्तुकला और ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित करने के लिए व्यापक नवीनीकरण और जीर्णोद्धार कार्य किये गये।
महाप्रबंधक शिव कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''इस परिसर में एक पुस्तकालय, अपनी तरह का पहला थिएटर, लगभग 150 लोगों के बैठने की क्षमता वाला भोजन क्षेत्र और पारंपरिक तथा सांस्कृतिक झलक वाला माहौल, जिसका उद्देश्य महल परिसर की भव्यता को बनाए रखते हुए आगंतुकों को शाही अनुभव प्रदान करना है।''
इस धरोहर परिसर के बारे में विस्तार से बताते हुए कुमार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य डोगरा विरासत, संस्कृति और खानपान को लोकप्रिय बनाना है, साथ ही इसे एक संपूर्ण पारिवारिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।
संलग्न पुस्तकालय विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के इतिहास, संस्कृति और विरासत को समर्पित है।
उन्होंने कहा, ''यह पुस्तकालय डोगरा संस्कृति, विरासत और इतिहास पर व्यापक रूप से केंद्रित है। आगंतुक, विशेषकर बच्चे, डोगरा परंपराओं और इस क्षेत्र से जुड़े विभिन्न युद्धों और ऐतिहासिक घटनाओं के बारे में जान सकते हैं। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अध्ययन और समझने का मौका प्रदान करता है।''
कुमार ने कहा कि खेलकूद और मनोरंजन की सुविधाएं विशेष रूप से बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा, ''सबसे प्रमुख आकर्षणों में से एक 12डी थिएटर है, जो जम्मू में अपनी तरह का पहला थिएटर है। पूरा परिवार यहां आकर एक साथ इस अनुभव का आनंद ले सकता है।''
उन्होंने कहा कि आगंतुक ऐतिहासिक सामग्री पढ़ और अध्ययन कर सकते हैं, एनिमेटेड और शैक्षिक फिल्में देख सकते हैं और क्षेत्र की समृद्ध विरासत के बारे में जानने के साथ-साथ कई तरह की मनोरंजन गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं।
कुमार ने कहा कि डोगरा व्यंजन 'रॉयल लेगेसी' परिसर का एक प्रमुख आकर्षण है। उन्होंने कहा, ''हालांकि आगंतुक भारतीय, चीनी और जापानी व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं, हम डोगरा पाक कला की विरासत में विशेषज्ञता रखते हैं। कुल मिलाकर, यह एक संपूर्ण पारिवारिक पर्यटन स्थल है जहां लोग एक ही छत के नीचे मनोरंजन, ज्ञान और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद ले सकते हैं।''
कुमार ने कहा, ''दीवारों को प्रसिद्ध बसोहली कला शैली से प्रेरित पारंपरिक चित्रों से सजाया गया है। ये कलाकृतियां ऐतिहासिक विषयों पर आधारित हैं और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हैं।''
दिल्ली से डिजाइनरों और कलाकारों की एक विशेष टीम को आंतरिक सज्जा की अवधारणा और उसे साकार करने के लिए नियुक्त किया गया था। इस प्रक्रिया में लगभग 15 दिन लगे, जिसमें जटिल बारीक कारीगरी का काम ही एक सप्ताह से अधिक समय तक चला।
कुमार ने कहा, ''हमने पूरी इमारत को एक विशिष्ट विरासत का रूप देने के लिए हर संभव प्रयास किया है।'' उन्होंने कहा कि आगंतुक यहां के माहौल की सराहना कर रहे हैं, तस्वीरें ले रहे हैं और विरासत परिसर का भ्रमण करने में समय बिता रहे हैं।
जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड और मुबारक मंडी जम्मू हेरिटेज सोसाइटी के बीच हुए समझौता ज्ञापन के माध्यम से सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत यह परियोजना विकसित की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि आगंतुकों के लिए सुविधा को और बेहतर बनाने तथा विरासत क्षेत्र में पर्यटन बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के वास्ते परिसर के निकट एक बहुस्तरीय पार्किंग बनाने का काम भी जारी है।
भाषा
देवेंद्र रंजन
रंजन
0406 2004 जम्मू