पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़, पथराव; तीन गिरफ्तार
पारुल
- 03 Jun 2026, 05:46 PM
- Updated: 05:46 PM
पटना, 3 जून (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में 'खान सर' के नाम से मशहूर शिक्षक फैसल खान के कोचिंग संस्थान में कथित तोड़फोड़ और पथराव के सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान का निदेशक भी शामिल है।
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित 'खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट' में मंगलवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने कथित तौर पर तोड़फोड़ और पथराव किया था।
खान ने शुरुआत में दावा किया था कि संस्थान पर गोलीबारी भी हुई थी, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। बाद में खान ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में क्या हुआ था।
पुलिस अधीक्षक (शहर) कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "मंगलवार रात लगभग 10:10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र में 'खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट' में पथराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।"
बयान के मुताबिक, शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में सामने आया है कि पटना स्थित एक अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े 15-20 लोग कथित तौर पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना में शामिल थे।
घटना के बाद मौके पर पहुंच खान ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था, "पास के एक कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया, हमारे सुरक्षागार्ड की बुरी तरह से पिटाई की और गोलियां भी चलाईं। उनकी नाराजगी इस बात को लेकर है कि कोई व्यक्ति इतनी कम फीस में छात्रों को कैसे पढ़ा सकता है और हर साल इतने अच्छे परिणाम कैसे दे सकता है।"
खान ने हाल में घोषित बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणामों का संदर्भ देते हुए यह बात कही।
पुलिस उपाधीक्षक-1 (शहर) राजेश रंजन ने कहा, "कोचिंग संस्थान और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई है। कोचिंग संस्थान की ओर से दी गई लिखित शिकायत में भी गोलीबारी का जिक्र नहीं है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग ईंट-पत्थर फेंकते और होर्डिंग को गिराते दिखाई दे रहे हैं।"
रंजन ने बताया कि मामले में प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के निदेशक रोशन आनंद सहित चार नामजद लोगों और 15-20 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि नामजद आरोपियों में से रोशन आनंद, अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के मुताबिक, 'खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट' के प्रबंधक कन्हैया कुमार सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपी रोशन आनंद ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें और उनके कोचिंग संस्थान को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
रंजन ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिद्वंद्विता का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
उन्होंने पुष्टि की कि संस्थान के सुरक्षागार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में चोट आई है और पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में उसका इलाज किया जा रहा है।
खान ने कहा कि पूरी रात पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से आग्रह किया कि संस्थान में पढ़ने वाले गरीब छात्रों को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती जारी रखी जाए।
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि वह इस मामले में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात करेंगे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नीति तैयार की जाएगी।
तिवारी ने कहा, "मैं आज डीजीपी से बात करूंगा, ताकि मामले की उचित जांच सुनिश्चित हो सके। सरकार भी सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद अगले तीन महीने के भीतर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नीति बनाएगी। अगर कोचिंग संस्थान आपसी प्रतिस्पर्धा में इस तरह कानून-व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, तो निश्चित रूप से एक लक्षित नीति की आवश्यकता है।"
पुलिस ने कहा कि घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस बीच, जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय झा ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार सरकार आपराधिक मामलों में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
कैलाश पारुल
पारुल
0306 1746 पटना