डॉलर के मुकाबले रुपया 23 पैसे चढ़कर 92.91 पर बंद
रमण
- 17 Apr 2026, 09:35 PM
- Updated: 09:35 PM
मुंबई, 17 अप्रैल (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 23 पैसे की मजबूती के साथ 92.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में तनाव में कमी आने की उम्मीदों के बीच डॉलर के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये में मजबूती आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में तेजी और विदेशी पूंजी प्रवाह में बढ़ोतरी से भी रुपये पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.93 पर खुला और कारोबार के दौरान 92.65 के उच्च स्तर तक पहुंचा। रुपये ने 923.98 के दिन के निचले स्तर को भी छुआ। कारोबार के अंत में यह 92.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद स्तर की तुलना में 23 पैसे की बढ़त है।
रुपया बृहस्पतिवार को 19 पैसे की बढ़त के साथ 93.14 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार के कारण रुपये में मजबूती आई है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजारों में तेजी और सुरक्षित निवेश की मांग घटने से डॉलर कमजोर हुआ है, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट आई है।
चौधरी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत के दूसरे दौर और इजराइल-लेबनान के बीच संघर्षविराम की उम्मीदों से रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर सकता है।
उन्होंने अनुमान जताया कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 92.50 से 93.20 के दायरे में रह सकता है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.90 पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.18 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर सकारात्मक संकेत देने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है और आपूर्ति बाधाओं की चिंता कम हुई है।
घरेलू शेयर बाजार में भी तेजी देखी गई। सेंसेक्स 504.86 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 78,493.54 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 156.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 24,353.55 पर बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को 683.20 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
1704 2135 मुंबई