दिल्ली : सिरी फोर्ट के पास एक एसयूवी ने टैक्सी को मारी टक्कर; दो लोगों की मौत, एक घायल
रवि कांत रवि कांत वैभव
- 07 Jan 2026, 11:33 PM
- Updated: 11:33 PM
नयी दिल्ली, सात जनवरी (भाषा) दक्षिण दिल्ली में सिरी फोर्ट के पास बुधवार तड़के एक एसयूवी गाड़ी ने एक टैक्सी को टक्कर मार दी, जिसके कारण दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक पीड़ितों की पहचान टैक्सी चालक गिरजा कुमार भारद्वाज (खिचड़ीपुर निवासी) तथा नेहरू नगर के रणजीत और सुमित के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में गिरजा और रणजीत की मौत हो गई, जबकि सुमित की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, रणजीत और सुमित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई। अगस्त क्रांति मार्ग पर हुई इस टक्कर के संबंध में तड़के लगभग 4:20 बजे पीसीआर कॉल प्राप्त हुई।
स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) पंचशील फ्लाईओवर से एंड्रयूज गंज की ओर जा रहा था, तभी उसने टैक्सी को टक्कर मार दी, जबकि टैक्सी बलबीर सक्सेना मार्ग की ओर दाहिने मुड़ रही थी।
पुलिस ने बताया कि हालांकि दोनों वाहन अपनी-अपनी लेन में थे, लेकिन एसयूवी चालक कथित तौर पर तेज गति से और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
पुलिस ने इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान दक्षिण दिल्ली के उदय पार्क निवासी कृषांश कपूर (21) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक टक्कर के प्रभाव से टैक्सी के चालक समेत उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘चिकित्सकों ने टैक्सी चालक समेत दो लोगों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति सुमित गंभीर हालत में है और उसका इलाज चल रहा है।’’
वहां से गुजर रही राहगीर मोनिका सिंह ने बताया कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे पता चलता है कि टक्कर 'तेज गति' से हुई थी। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं।
इस दुर्घटना के संबंध में हौज खास पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
भाषा रवि कांत रवि कांत