रात नौ बजे के मुख्य समाचार
माधव
- 02 Jul 2026, 09:04 PM
- Updated: 09:04 PM
नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) 'भाषा' की विभिन्न फाइल से बृहस्पतिवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:-
दि60 मोदी भारत तीसरी लीड जापान
भारत, जापान ने संबंधों को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदमों की घोषणा की
नयी दिल्ली, भारत और जापान ने बृहस्पतिवार को आर्थिक साझेदारी ढांचा एवं सैन्य उपकरणों को संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए एक रक्षा समझौते समेत कई महत्वपूर्ण कदमों की घोषणा की।
दि52 भाजपा प्रियंका भूमि
भाजपा ने प्रियंका और उनके पति रॉबर्ट वाद्रा पर उत्तराखंड में जमीन हड़पने के प्रयास का आरोप लगाया
नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा और उनके पति रॉबर्ट वाद्रा पर उत्तराखंड में कथित रूप से चार एकड़ भूमि हड़पने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
दि48 तृणमूल निर्वाचन आयोग बैठक
तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट ने निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ से मुलाकात की; ममता खेमे ने सवाल उठाए
नयी दिल्ली, तृणमूल कांग्रेस के ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने बृहस्पतिवार को कहा कि निर्वाचन आयोग की पूर्ण पीठ ने पार्टी पर उसके दावे को लेकर उनकी बात ''धैर्यपूर्वक सुनी''। बागी गुट ने उम्मीद जताई कि आयोग जल्द ही इस पर कोई जवाब देगा।
दि41 न्यायालय एआई फर्जी निर्णय
अदालतों को एआई से तैयार संदर्भों के उल्लेख या उपयोग पर 'जीरो टालसेंस' नीति अपनानी चाहिएः न्यायालय
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार किए गए ''अस्तित्वहीन, फर्जी और मनगढ़ंत'' निर्णयों का हवाला दिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (एनसीएलटी) का एक फैसला बृहस्पतिवार को रद्द कर दिया। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि अदालतों को एआई से तैयार संदर्भों का हवाला देने या उनका उपयोग करने के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनानी चाहिए।
प्रादे162 तमिलनाडु द्रमुक आधव अर्जुन
टीवीके के आधव अर्जुन ने द्रमुक और अन्नाद्रमुक के बीच समझौते का दावा किया, द्रमुक का इनकार
चेन्नई, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) महासचिव आधव अर्जुन ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि विपक्षी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के बीच समझौता हो गया है तथा जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा होने की उम्मीद है। हालांकि, दोनों दलों ने इस आरोप का खंडन किया।
प्रादे134 कर्नाटक खदान दूसरी लीड दुर्घटना
बेंगलुरु में पत्थर की खदान में विशाल चट्टान गिरने से सात श्रमिकों की मौत
बेंगलुरु, बेंगलुरु शहरी जिले में बृहस्पतिवार को पत्थर की एक खदान में विशाल चट्टान गिरने से सात श्रमिकों की मौत हो गई जिनमें पांच मध्यप्रदेश के थे। यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी।
प्रादे133 उप्र राम मंदिर दूसरी लीड वकील
राम मंदिर चढ़ावा विवाद: वकीलों ने ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की
अयोध्या, फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में बृहस्पतिवार को विरोध मार्च निकाला और राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और मंदिर अधिकारी गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वि23 रूस यूक्रेन पांचवीं लीड युद्ध
रूस का कीव पर भीषण मिसाइल एवं ड्रोन हमला, 20 लोगों की मौत
कीव, रूस ने रातभर ड्रोन और मिसाइल से यूक्रेन की राजधानी कीव पर भीषण हमला किया जिसमें कम से कम 20 नागरिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
वि26 पाक तक्षशिला
संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान से तक्षशिला स्थलों पर पुनर्निर्माण हटाने को कहा
इस्लामाबाद, संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान से कहा है कि वह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल तक्षशिला में मौजूद दो ऐतिहासिक स्थलों पर उन 'पुनर्निर्माण' कार्यों को बंद करे एवं हटाए, जिनसे इन स्थलों की 'अखंडता को नुकसान' पहुंचा है, वरना इन स्थलों को एजेंसी की 'खतरे वाली सूची' में डाल दिया जाएगा। बृहस्पतिवार को स्थानीय मीडिया ने यह खबर दी।
अर्थ46 ईपीएफओ अंशदान
नई ईपीएफ योजना में 1,800 रुपये से अधिक का अंशदान नहीं रहा अनिवार्य
नयी दिल्ली, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने नई कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) योजना-2026 के तहत 15,000 रुपये मासिक वेतन सीमा से ऊपर के अंशदान को स्वैच्छिक कर दिया है। इसका मतलब है कि 1,800 रुपये से अधिक का अंशदान करना अब अनिवार्य नहीं होगा।
अर्थ53 दिल्ली बिजली कैग ऑडिट
दिल्ली सरकार ने बिजली वितरण कंपनियों के कैग ऑडिट का आदेश दिया
नयी दिल्ली, दिल्ली सरकार ने बिजली वितरण कंपनियों के कैग ऑडिट का आदेश दिया है। यह कदम 'रेगुलेटरी एसेट्स' के तौर पर जमा हुए 38,500 करोड़ रुपये के बकाया को देखते हुए उठाया गया है, जिसे उपभोक्ताओं से वसूला जाना है।
खेल21 खेल मंत्रालय टूर्नामेंट
अगले छह महीने में भारत में 11 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट, खेल मंत्रालय का बेहतरीन मेजबानी का वादा
नयी दिल्ली, भारत में अगले छह महीने में बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप समेत 11 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेले जाने हैं और खेल मंत्रालय ने बेहतरीन मेजबानी का आश्वासन देते हुए कहा है कि खराब आयोजन जैसी अतीत की घटनाओं का दोहराव नहीं होगा ।
खेल5 खेल फुटबॉल कप बेल्जियम
पेनल्टी पर दागे गोल से बेल्जियम ने अतिरिक्त समय में सेनेगल को हराया
सिएटल, बेल्जियम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए बुधवार को यहां सेनेगल को 3-2 से हराकर फुटबॉल विश्व कप के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
भाषा धीरज माधव
माधव
0207 2104 दिल्ली