दिल्ली : अमानतुल्ला खान के साथ एकजुटता दिखाने के लिए उनके घर पहुंचे आप नेता
योगेश मनीषा
- 19 Apr 2024, 01:05 PM
- Updated: 01:05 PM
नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के कई नेता बृहस्पतिवार की रात पार्टी के ओखला से विधायक अमानतुल्ला खान के घर पहुंचे और दावा किया कि उन्हें धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया हैं। हालांकि एजेंसी के सूत्रों ने कहा कि उन्हें हिरासत में लिया गया है, गिरफ्तार नहीं किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि धन शोधन से जुड़े मामले में 13 घंटे की पूछताछ के बाद खान को कार्यालय से जाने की अनुमति दी गई थी।
ईडी कार्यालय से निकलने के बाद खान ने पीटीआई वीडियो से कहा, ''मैं सुबह 11 बजे पूछताछ के लिए आया था। तब से पूछताछ चल रही थी। अब अनुमति मिलने पर घर जा रहा हूं।''
खान ने खुद की गिरफ्तारी की खबर को 'अफवाह' बताया।
इससे पहले आप नेता जैस्मिन शाह ने कहा कि खान को ‘‘फर्जी मामले में गिरफ्तार किया गया है।’’
आप सांसद संजय सिंह, मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज समेत पार्टी के अन्य नेता ओखला स्थित खान के घर पहुंचे और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनके प्रति एकजुटता व्यक्त की।
आतिशी ने कहा, "हमें खबर मिल रही है कि आप विधायक अमानतुल्ला खान को गिरफ्तार कर लिया गया है।"
खान के घर के बाहर पत्रकारों से आतिशी ने कहा, "यह लोकसभा चुनाव से पहले आप पर हमला है। (अरविंद) केजरीवाल को चुनाव से पहले क्यों गिरफ्तार किया गया? गैर-जमानती वारंट रद्द होने के बाद अमानतुल्ला खान को क्यों गिरफ्तार किया गया है? यह एक साजिश है। आप के विधायकों को डराकर तोड़ दो, लेकिन हम नहीं डरेंगे।”
अधिकारियों ने बताया कि खान दिल्ली वक्फ बोर्ड में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन के मामले में पूछताछ के लिए ईडी के सामने पेश हुए।
उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में खान की अध्यक्षता के दौरान हुईं कथित अनियमितताओं से संबंधित मामले में आप विधायक की अग्रिम जमानत याचिका पर विचार करने से पिछले सप्ताह इनकार कर दिया था, जिसके बाद अब उनसे यह पूछताछ हुई है।
शीर्ष अदालत ने उन्हें 18 अप्रैल को जांच में शामिल होने का निर्देश दिया था।
खान के खिलाफ धन शोधन का मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी और दिल्ली पुलिस की तीन शिकायतों से संबंधित है।
ईडी ने एक बयान में आरोप लगाया था कि वक्फ बोर्ड में कर्मचारियों की अवैध भर्ती हुई और खान की अध्यक्षता (2018-2022) के दौरान वक्फ बोर्ड की संपत्तियों को गलत तरीके से पट्टे पर देकर अवैध तरीके से लाभ अर्जित किया गया।
भाषा
योगेश