राहुल गांधी का वायनाड में जोरदार स्वागत
सिम्मी मनीषा
- 03 Apr 2024, 12:52 PM
- Updated: 12:52 PM
(तस्वीरों के साथ)
वायनाड (केरल), तीन अप्रैल (भाषा) आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए बुधवार को यहां पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए संयुक्त लोकतंत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत हजारों लोग कलपेट्टा में एकत्र हुए।
गांधी ने 2019 के आम चुनावों में वायनाड लोकसभा सीट से चार लाख से अधिक मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी।
राहुल अपनी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ पूर्वाह्न करीब पौने 11 बजे हेलीकॉप्टर से कन्नूर पहुंचे। यहां के एक गांव मुप्पैनाद में हेलीपैड पर सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
वहां से वह अपने रोड शो के शुरुआती बिंदु कलपेट्टा के नए बस अड्डे तक सड़क मार्ग से गए। रोड शो पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे बजे शुरू हुआ।
यूडीएफ के सैकड़ों कार्यकर्ता रोड शो के लिए कतार में खड़े थे और विभिन्न आयु वर्गों के लोग कांग्रेस सांसद की तस्वीर के साथ पार्टी के झंडे, तख्तियां और पार्टी के रंग वाले गुब्बारे लेकर राहुल का स्वागत करने के लिए सड़कों के किनारे एकत्र हुए।
प्रियंका और केरल में पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ राहुल खुले ट्रक के ऊपर खड़े हुए और रोड शो सिविल स्टेशन इलाके की ओर बढ़ा।
अपने वाहन पर खड़े राहुल ने सड़क के दोनों ओर एकत्र होकर ‘जय जय राहुल गांधी’ के नारे लगा रहे हजारों लोगों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिनंदन किया।
सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक वाहन के आगे, उसके साथ और पीछे चल रहे थे।
इस दौरान राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव के सी वेणुगोपाल एवं दीपा दास, एआईसीसी की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रभारी कन्हैया कुमार, राज्य विधानसभा में विपक्ष के वी डी सतीशन एवं केपीसीसी (केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के कार्यकारी अध्यक्ष एम एम हसन भी शामिल थे।
राहुल वायनाड लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. सुरेंद्रन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की नेता एनी राजा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने 2019 में इसी सीट से चार लाख से अधिक मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में कुल 10,92,197 मतों में से 7,06,367 मत हासिल किए थे, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पी पी सुनीर को केवल 2,74,597 वोट मिले थे।
केरल में इस साल लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा।
भाषा
सिम्मी