दिल्ली: यूपीएससी कोचिंग शिक्षक अवध ओझा आम आदमी पार्टी में शामिल हुए
धीरज दिलीप
- 02 Dec 2024, 08:31 PM
- Updated: 08:31 PM
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, दो दिसंबर (भाषा) सिविल सेवा कोचिंग शिक्षक और प्रेरक वक्ता अवध ओझा सोमवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।
ओझा ने कहा कि वह पार्टी की बच्चों के भविष्य पर केंद्रित विचारधारा से जुड़े हैं और उन्होंने शिक्षा के विकास को अपनी सबसे बड़ी महत्वाकांक्षा बताया।
ओझा ने केजरीवाल नीत पार्टी में शामिल होने के बाद कहा, ‘‘शिक्षा एक ऐसा माध्यम है, जो हमारे परिवारों की आत्मा, हमारे समाज की संरचना और हमारे राष्ट्र की आधारशिला बनाती है। दुनिया भर के सभी महान राष्ट्रों ने शिक्षा को अपनी प्रगति के आधार के रूप में रखा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे राजनीति के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में काम करने का मौका दिया।’’
आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि ओझा के पार्टी में शामिल होने से शिक्षा प्रणाली में सुधार के उसके प्रयासों को बल मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी हम आम आदमी पार्टी में किसी नए नेता का स्वागत करते हैं, तो हम अक्सर कहते हैं कि उनकी उपस्थिति से पार्टी मजबूत होगी। आज मैं कहना चाहूंगा कि अवध ओझा के राजनीति में आने से देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ आप शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य करने में सबसे आगे रही है और इस मंच के माध्यम से, शिक्षा में ओझा का योगदान देश को और सशक्त बनाएगा और हम मिलकर बाबा साहेब के सपनों को पूरा करने के लिए काम करेंगे।’’
सिसोदिया ने कहा कि यह एक विशेष दिन है और ओझा शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया है।
सिसोदिया ने कहा, ‘‘उन्होंने न केवल लाखों युवाओं को प्रेरित किया है, बल्कि अपने प्रयासों से उनका जीवन भी बदला है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न माध्यमों से उन्होंने जो प्रभावशाली कार्य किया है, यह एक महान शिक्षक के रूप में उनके कद को दर्शाता है।’’
आप द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, ओझा ने इतिहास में विशेषज्ञता के साथ 2005 में अपना शिक्षण करियर शुरू किया। उनके पास हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर, एलएलबी, एमफिल और हिंदी साहित्य में पीएचडी सहित कई शैक्षणिक योग्यताएं हैं।
दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। आप ने 2020 में 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में 62 सीट जीती थी और अब पार्टी लगातार तीसरी बार जीत की उम्मीद कर रही है।
भाषा धीरज