पलक्कड़ उपचुनाव: सरीन का ‘हाथ मिलाओ अभियान’ शुरू, कांग्रेस प्रत्याशी ने नहीं मिलाया था उनसे हाथ
राजकुमार मनीषा
- 05 Nov 2024, 04:11 PM
- Updated: 04:11 PM
पलक्कड़ (केरल), पांच नवंबर (भाषा) पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी पी सरीन ने यहां हाल में एक कार्यक्रम में हाथ मिलाने (हैंडशेक) से इनकार कर देने के कांग्रेस उम्मीदवार राहुल ममकूटाथिल के फैसले को सभी के सामने लाने के लिए मंगलवार को ‘हैंडशेक’ अभियान शुरू किया।
हालांकि, ममकूटाथिल ने अपने पूर्व कांग्रेस पार्टी सहयोगी सरीन के अभियान को मुस्कुराकर नजरअंदाज कर दिया।
दूसरी तरफ वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर ने कहा कि जो भी उनके सामने आता है, वह उसके सम्मुख अपना हाथ बढ़ा देते हैं, क्योंकि ‘‘इस तरह आप वास्तव में शिष्टाचार दिखाते हैं।’’
लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब शिष्टाचारवश हाथ नहीं मिलाया जाता है तो वैसी खास स्थितियों के पीछे कुछ वजह होती हैं।
सरीन कांग्रेस के डिजिटल मीडिया संयोजक थे लेकिन पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव में ममकूटाथिल की उम्मीदवारी पर सवाल खड़ा करने और बगावत करने के बाद उन्हें (कांग्रेस) पार्टी से निकाल दिया गया।
बाद में माकपा ने उन्हें अपने खेमे में शामिल कर लिया और उन्हें पलक्कड़ विधानसभा सीट पर बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार दिया।
एक दिन पहले ही यहां एक शादी समारोह में वडकारा से कांग्रेस सांसद शफी परमबिल और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ममकूटाथिल ने पूर्व पार्टी नेता ए वी गोपीनाथन का अभिवादन किया। उसी समारोह में ममकूटाथिल ने पास में खड़े सरीन से हाथ नहीं मिलाया जबकि उन्होंने (सरीन ने) हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया था। बाद में सरीन के आवाज लगाने के बाद ममकूटाथिल वहां से चले गये। टीवी चैनलों ने इस घटना का वीडियो प्रसारित किया।
इस घटना का जिक्र करते हुए सरीन ने कहा, ‘‘ इससे (हाथ मिलाने के अभियान से) हमें यह जानने में मदद मिलेगी कि जो कुछ हुआ उस पर जनता की क्या राय है और यह भी कि क्या लोगों को लगता है कि हमने कुछ गलत किया है। चाहे वह मुझसे माफ़ी मांगें या नहीं, उन्हें लोगों से माफ़ी मांगनी चाहिए।’’
उन्होंने यह भी कहा कि ममकूटाथिल के इस कदम से अब लोग उन्हें देखकर उनसे हाथ मिलाने से बचेंगे।
निर्वाचन आयोग ने कालपथी रथोत्सवम का हवाला देते हुए पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव की तारीख 13 नवंबर से बदलकर 20 नवंबर कर दी है।
हाल में संसदीय चुनाव में वडकारा निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक और कांग्रेस नेता शाफी परामबिल के लोकसभा में निर्वाचित होने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना ज़रूरी हो गया था।
भाषा राजकुमार