एनसीडब्ल्यू प्रमुख ने शाइना के खिलाफ टिप्प्णी को ‘बेहत अनुचित’ बताया; कार्रवाई की मांग की
सुरेश रंजन
- 01 Nov 2024, 09:37 PM
- Updated: 09:37 PM
नयी दिल्ली, एक नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने विधानसभा चुनाव में शिवसेना की उम्मीदवार शाइना एनसी के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत की कथित टिप्पणी को शुक्रवार को ‘बेहद अनुचित’ करार दिया और निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की।
शाइना एनसी को 'आयातित माल' कहने के लिए सावंत के खिलाफ शुक्रवार को मुंबई में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मुंबई दक्षिण से सांसद सावंत ने दावा किया कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला जा रहा है।
शहर की मुंबादेवी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहीं शाइना ने कहा कि यह उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की मानसिकता को दर्शाता है।
एनसीडब्ल्यू की नवनियुक्त अध्यक्ष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि द्वारा महिलाओं के बारे में इस तरह के बयान देना अस्वीकार्य है, खासकर दिवाली और लक्ष्मी पूजा के पवित्र अवसर के दौरान।
रहाटकर ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शिवसेना (ठाकरे) सांसद अरविंद सावंत ने शिवसेना (शिंदे) विधानसभा उम्मीदवार शाइना एनसी के खिलाफ बहुत ही अनुचित बयान दिया है।’’
उन्होंने मुंबई पुलिस से प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उचित कार्रवाई करने का आह्वान किया।
रहाटकर ने जोर देकर कहा कि महिलाओं की गरिमा का मुद्दा पार्टी की राजनीति से परे है और सभी नेताओं के लिए यह प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके अलावा, उन्होंने निर्वाचन आयोग से चुनाव अवधि के दौरान दिए गए ऐसे अनुचित बयानों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया, क्योंकि ऐसी चीजें लोकतंत्र के सत्व को कमजोर करती हैं।
एनसीडब्ल्यू प्रमुख ने इस बात पर प्रकाश डाला कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है, जहां नागरिक अपने प्रतिनिधियों का चयन करते हैं।
उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के महिला-विरोधी बयानों पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यह एक मजबूत लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा करता है।
रहाटकर ने महिलाओं की गरिमा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों को सशक्त बनाना और उनकी सुरक्षा करना देश की प्रगति के लिए आवश्यक है।
भाषा सुरेश