लोकसभा चुनाव परिणाम, अवैध आईपीएल प्रसारण को लेकर सट्टेबाजी में संलिप्त वेबसाइट पर फिर छापा
राजकुमार माधव
- 29 Oct 2024, 04:57 PM
- Updated: 04:57 PM
नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कहा कि आईपीएल क्रिकेट मैचों के अवैध प्रसारण के अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव परिणाम को लेकर कथित रूप से ऑनलाइन सट्टेबाजी करने में लिप्त एक वेबसाइट के खिलाफ धनशोधन मामले में उसने फिर छापेमारी की है।
ईडी ने एक बयान में कहा कि मुंबई और गुजरात के कच्छ में 25 अक्टूबर को छापेमारी के दौरान ‘अभियोजनयोग्य’ दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और अचल संपत्ति संबंधी कागजातों के अलावा चार करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, बैंक जमाराशि एवं चांदी के छड़ें जब्त की गयी हैं।
उसने कहा कि कथित रूप से अवैध गतिविधियों में लिप्त ‘फेयरप्ले’ नामक वेबसाइट को तकनीकी और वित्तीय प्रबंधन सहयोग उपलब्ध कराने में लगे लोगों के खिलाफ यह कार्रवाई की गयी है।
धनशोधन का यह ममला मुंबई पुलिस की साइबर शाखा द्वारा दर्ज की गयी एक प्राथमिकी पर आधारित है। ‘वायकॉम 18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड’ ने ‘फेयरप्ले स्पोर्ट एलएलसी’ के खिलाफ 100 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व नुकसान पहुंचाने की शिकायत की थी जिसके आधार पर यह प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।
संघीय एजेंसी (ईडी) ने कहा कि उसकी जांच से पता चलता है कि कृष लक्ष्मीचंद शाह फेयरप्ले के पीछे ‘मुख्य व्यक्ति’ है और उसने वेबसाइट के संचालन के लिए कुराकाओ (दक्षिणी कैरेबियन सागर में एक द्वीप देश) में ‘प्ले वेंचर्स एन.वी’ और ‘डच एंटिलीज़ मैनेजमेंट एन.वी’, दुबई में ‘फेयर प्ले स्पोर्ट एलएलसी’, ‘फेयरप्ले मैनेजमेंट डीएमसीसी’ और माल्टा में प्ले वेंचर्स होल्डिंग लिमिटेड जैसी विभिन्न कंपनियों को पंजीकृत किया है।
ईडी ने अपनी जांच में पाया कि फेयरप्ले का दुबई से ‘संचालन’ किया जा रहा है।
उसने कहा, ‘‘ तलाशी के दौरान जब्त किए गए आपत्तिजनक दस्तावेजों से पता चलता है कि इसमें शामिल लोगों ने भारत में उच्च मूल्य की अचल और चल संपत्तियां खरीदी हैं और यह 100 करोड़ रुपये से अधिक की है।’’
ईडी ने इस मामले में नवीनतम कार्रवाई समेत जून से अब तक तीन बार छापेमारी की है और 117 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है या पर उन पर रोक लगा दी है।
उसने पहले कहा था कि ‘फेयरप्ले’ ‘क्रिकेट/आईपीएल मैचों के अवैध प्रसारण और लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम समेत विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों’ में शामिल था।
भाषा राजकुमार