दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में किशोर की हत्या के आरोप में चार नाबालिग हिरासत में लिए गए
प्रीति पारुल
- 27 Oct 2024, 04:41 PM
- Updated: 04:41 PM
नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में 16 वर्षीय एक किशोर की हत्या करने और एक अन्य व्यक्ति को घायल करने के आरोप में चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि किशोर पर चाकू से कई वार किए गए थे, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरा व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय महलावत (38) ने पीड़ितों के साथ किसी विवाद के कारण उनकी हत्या करने की योजना बनाई थी और इस काम के लिए अपने किशोर साथियों को भेजा था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशनगढ़ पुलिस थाने को शनिवार शाम करीब 5.45 बजे गौशाला गांव में चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली थी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘एक पुलिस टीम घटनास्थल पर भेजी गई। उसे गोली का एक खाली खोल मिला। यह भी पता चला कि दोनों घायलों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है।’’
अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की अपराध इकाई और फोरेंसिक टीम को घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए बुलाया गया।
सफदरजंग अस्पताल ने पुष्टि की कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने बताया कि सौरभ यादव (18) की पीठ पर गोली लगी थी, जबकि दूसरे पीड़ित पर चाकू से कई बार वार किया गया था और अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित यादव ने पुलिस को बताया कि जब वह और उसका दोस्त गौशाला इलाके में पहुंचे, तो तीन आरोपियों ने उन पर गोलियां चला दीं।
अधिकारी के अनुसार, यादव ने बताया कि गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि हमलावरों ने उसके दोस्त का कथित तौर पर पीछा किया और उस पर चाकू से कई बार वार किया।
अधिकारी के मुताबिक, यादव ने दावा किया कि यह एक सुनियोजित हमला था और संजय महलावत के निर्देश पर इसे अंजाम दिया गया था।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या और हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मेहलावत को गिरफ्तार कर लिया है और चार किशोरों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए किशोरों की उम्र 16 से 17 साल के बीच है।
भाषा
प्रीति