जिम मालिक की हत्या : मथुरा में मुठभेड़ के बाद दूसरा हमलावर गिरफ्तार
सुरभि सं जफर मनीषा
- 17 Oct 2024, 01:50 PM
- Updated: 01:50 PM
नयी दिल्ली/मथुरा, 17 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में एक जिम मालिक की हत्या के मामले में वांछित शार्पशूटर को दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में बृहस्पतिवार को तड़के मथुरा में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस की गोली लगने से घायल शार्पशूटर राजू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बदायूं का निवासी योगेश उर्फ राजू लॉरेंस बिश्नोई गिरोह और हाशिम बाबा गिरोह के लिए काम करता था। वह दिल्ली में एक जिम के मालिक नादिर शाह की हत्या के मामले में वांछित था।
राजू के साथी मधुर उर्फ अयान को दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।
राजू और मधुर ने 12 सितंबर को दिल्ली के ग्रेटर कैलाश 1 में 35 वर्षीय नादिर शाह की उनके जिम के बाहर गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी थी।
एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ की टीम को राजू के मथुरा में होने की सूचना मिली और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जाल बिछाया गया। उसे सुबह करीब चार बजे आगरा-मथुरा राजमार्ग की ‘सर्विस रोड’ पर बाद रेलवे स्टेशन के पास मोटरसाइकिल से जाते देखा गया।
उन्होंने बताया, ‘‘पुलिस को देखते ही राजू ने गोली चला दी। उसने तीन गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस टीम ने आत्मरक्षा के लिए दो गोली चलाई।’’
अधिकारी ने बताया कि पुलिस की गोली लगने से राजू घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि उसके पास से 32 बोर की एक पिस्तौल, सात कारतूस, तीन खाली गोलियां और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
उसके खिलाफ रिफाइनरी थाना में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मथुरा के नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी राजू ने हाशिम बाबा गिरोह में रहते हुए उत्तर प्रदेश में कई बड़ी वारदात को अंजाम दिया। वर्तमान में वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग में है तथा दिल्ली के सनसनीखेज नादिर शाह हत्याकाण्ड का मुख्य आरोपी है। इस मामले में पुलिस उसे खोज रही थी और वह गिरफ्तारी से बचने के लिये लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
उन्होंने बताया कि राजू के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बदायूं, कासगंज जिलों तथा दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में हत्या, जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न आरोपों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
भाषा सुरभि सं जफर