विवादों में घिरा बंगला औपचारिक रूप से दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को आवंटित
पारुल धीरज
- 11 Oct 2024, 10:09 PM
- Updated: 10:09 PM
नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगला शुक्रवार को औपचारिक रूप से आवंटित कर दिया गया। दो दिन पहले आतिशी को इस बंगले को खाली करने के लिए कथित तौर पर मजबूर किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि बंगला सौंपे जाने और सामान की सूची बनाने की उचित प्रक्रिया पूरी करने के बाद सिविल लाइंस स्थित बंगला औपचारिक रूप से आतिशी को आवंटित कर दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से जारी प्रस्ताव पत्र में कहा गया है कि चूंकि, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और अन्य एजेंसियां विभिन्न “उल्लंघनों” को लेकर इस बंगले की जांच कर रही हैं, इसलिए आवंटी को जांच में पूर्ण सहयोग देने की “सलाह” दी जाती है।
इस महीने की शुरुआत में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगला खाली किए जाने के बाद से ही यह आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उपराज्यपाल कार्यालय के बीच विवाद का केंद्र बना हुआ था।
केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में नौ साल तक इस बंगले में रहे थे। भाजपा ने बंगले के पुनर्निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और महंगी साज-सज्जा के लिए इसे “शीशमहल” करार देते हुए केजरीवाल पर निशाना साधा था।
पीडब्ल्यूडी के प्रस्ताव पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री आतिशी को यह बंगला दिल्ली प्रशासन सरकारी आवास आवंटन (सामान्य पूल) नियम-1977 के प्रावधानों के अनुसार आवंटित किया गया है।
पत्र में आतिशी से आठ दिन के भीतर पारिवारिक फोटो की तीन प्रतियों के साथ विधिवत अग्रेषित स्वीकृति पत्र जमा करने का अनुरोध किया गया है, जिसके बाद उन्हें बंगले में निवास के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से एक “अथॉरिटी स्लिप” दी जाएगी।
पत्र में कहा गया है, “निर्धारित समयसीमा में आवंटित बंगले का कब्जा लेने में नाकाम रहने की सूरत में आवंटन को रद्द माना जाएगा।”
इसमें स्पष्ट किया गया है कि अगर आवंटी के पास कोई और सरकारी बंगला है, तो उसे 6, फ्लैगस्टाफ रोड बंगले का कब्जा लेने के 15 दिन के भीतर उसे खाली करना होगा।
पिछले साल दिल्ली सरकार में मंत्री बनाए जाने के बाद आतिशी को मथुरा रोड स्थित एबी-17 बंगला आवंटित किया गया था।
भाषा पारुल