किसी भी समाज के विकास का आइना है महिला विकास : राष्ट्रपति मुर्मू
कुंज पृथ्वी जितेंद्र
- 04 Oct 2024, 07:42 PM
- Updated: 07:42 PM
जयपुर, चार अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि महिलाओं का विकास किसी भी समाज के विकास का आइना है। उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए शुक्रवार को कहा कि शिक्षा ही विकास की कुंजी है।
मुर्मू, ऐतिहासिक मानगढ़ धाम बांसवाड़ा में ‘आदि गौरव सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा, “आज ‘आदि गौरव सम्मान’ प्राप्त करने वाले सभी व्यक्तियों और संस्थाओं को मैं बहुत-बहुत बधाई देती हूं। व्यक्तिगत सम्मान प्राप्त करने वाले लोगों में महिलाओं की संख्या अधिक है। यह आदिवासी समाज के लिए, राजस्थान के लिए और पूरे देश के लिए गौरव की बात है।”
उन्होंने कहा, “यह मैं इसलिए कह रही हूं कि महिलाओं का विकास, किसी भी समाज के विकास का आईना है।”
राष्ट्रपति ने कहा कि इस सम्मान समारोह से यह भी सिद्ध हुआ कि जनजाति समुदाय के लोगों में बहुमुखी क्षमता है और उन्होंने अनेक क्षेत्रों में अमूल्य योगदान दिया है।
उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा, “मैं सभी भाई-बहनों से अनुरोध करना चाहती हूं कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजें, शिक्षा दिलाएं क्योंकि शिक्षा ही विकास की कुंजी है। शिक्षित होने से ये बच्चे आगे बढ़ेंगे, समाज आगे बढ़ेगा, देश आगे बढ़ेगा।”
मुर्मू ने अपनी शिक्षा के दिनों को याद करते हुए कहा, “अपने गांव में पढ़ाई करने के बाद मैंने भुवनेश्वर जाकर आगे की पढ़ाई की थी। अगर छात्रावास की सुविधा नहीं मिली होती तो शायद मेरी आगे की पढ़ाई मुश्किल से हुई होती या उसमें रुकावट भी आ सकती थी।”
राष्ट्रपति ने कहा, “आज मैं आपके सामने खड़ी हूं तो केवल शिक्षा के बल पर। इसलिए मैं सबसे आग्रह करना चाहती हूं कि बच्चों को शिक्षा दिलाइए। उन्हें स्कूल व कॉलेज भेजिए क्योंकि सरकार जनजातियों के साथ खड़ी है।”
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जनजातीय गौरव के बारे में देश भर में एक नई चेतना का संचार हुआ है।
मुर्मू ने कहा, “हमारे देश में, गुलामी की मानसिकता को समाप्त करने का राष्ट्रीय लक्ष्य तय किया गया है। यह उल्लेखनीय है कि जनजातीय समाज के लोग गुलामी की मानसिकता से हमेशा मुक्त रहे हैं।”
उन्होंने जनजातीय समुदायों, किसानों और महिलाओं सहित वंचित वर्गों के कल्याण और विकास हेतु अनेक क्षेत्रों में सक्रियता के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा तथा राज्य सरकार की उनकी पूरी टीम को धन्यवाद दिया।
राष्ट्रपति ने इससे पहले मानगढ़ धाम में गोविंद गुरु की धूणी के दर्शन किए। उन्होंने ‘मानगढ़ धाम स्मारक स्थल’ पर पुष्पांजलि अर्पित की।
भाषा कुंज पृथ्वी