विभिन्न प्रदेशों के राज्यपालों व मुख्यमंत्रियों ने महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि दी
वैभव प्रशांत
- 02 Oct 2024, 03:58 PM
- Updated: 03:58 PM
हैदराबाद, दो अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को विभिन्न प्रदेशों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों एवं विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
वर्मा ने हैदराबाद में बापू घाट पहुंचकर राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की।
रेवंत रेड्डी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी बापू घाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘गांधी प्रतिमा, एम जी रोड, सिकंद्राबाद पर आज महात्मा गांधीजी को श्रद्धांजलि दी।’’
किशन रेड्डी और रेवंत रेड्डी ने भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी आज उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने भी बापू को श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल नजीर ने कहा कि गांधी जयंती पूरी दुनिया में ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ के रूप में मनाई जाती है।
राज भवन से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नजीर के हवाले से कहा गया कि महात्मा गांधी का शांतिपूर्ण विरोध और सविनय अवज्ञा का मार्ग दुनिया के नेताओं के लिए एक प्रेरणा रहा है।
नायडू ने अपने संदेश में कहा कि देश को आजाद कराने के लिए अंग्रेज शासकों की बेड़ियों को अहिंसा के जरिये तोड़ने वाले गांधीजी के सिद्धांतों का अनुसरण करना महत्वपूर्ण है।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि, मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और राजनीतिक दलों के नेताओं ने महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यपाल रवि ने राजभवन में और मुख्यमंत्री स्टालिन ने चेन्नई स्थित सरकारी एगमोर संग्रहालय में गांधीजी को पुष्पांजलि दी।
सामान्य तौर पर गांधी जयंती पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री एक साथ राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देते हैं और एक साथ एक सरकारी समारोह में हिस्सा लेते हैं।
राज्यपाल रवि ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर उन्हें भी पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री स्टालिन और विपक्ष के नेता के. पलानीस्वामी ने पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज की पुण्य तिथि पर उन्हें भी श्रद्धांजलि दी। सत्तारूढ़ द्रमुक और मुख्य विपक्षी अन्नाद्रमुक के नेताओं ने चेन्नई में कामराज स्मारक पर फूलमाला चढ़ाई और पुष्प अर्पित किए।
भाषा वैभव