उप्र : सीट न मिलने से अपना दल (कमेरावादी) नाखुश
मनीषा
- 22 Mar 2024, 12:39 PM
- Updated: 12:39 PM
लखनऊ, 22 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन के घटक अपना दल (कमेरावादी) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी को गठबंधन के तहत एक भी सीट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए शुक्रवार को कहा कि बिहार में जो नीतीश कुमार के साथ हुआ, वही उत्तर प्रदेश में उसके साथ किया जा रहा है।
पार्टी नेता एवं विधायक पल्लवी पटेल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के तहत आगामी लोकसभा चुनाव के लिये उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी को एक भी सीट नहीं दिये जाने पर नाराजगी जाहिर की । उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन की प्रमुख पार्टी यानी कांग्रेस यह बताए कि वे अपना दल (कमेरावादी) के साथ क्या करने जा रहे हैं।
उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, ''बिहार में (पूर्व में इंडिया गठबंधन में शामिल रहे जनता दल यूनाइटेड के नेता) नीतीश कुमार के साथ जो हुआ वही उत्तर प्रदेश में (अपना दल—कमेरावादी की अध्यक्ष) राजमाता कृष्णा पटेल के साथ हो रहा है।''
पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी ने ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर, फूलपुर और कौशाम्बी लोकसभा सीटें मांगी थीं मगर उन्हें एक भी सीट नहीं दी गयी।
इस सवाल पर कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अपना दल (कमेरावादी) को सीटों का कोई प्रस्ताव देता है तो क्या वह उसे स्वीकार करेंगी, पटेल ने कहा, ''इस बारे में अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं मिला है लेकिन अगर ऐसा कुछ होता है तो कोई भी निर्णय पार्टी ही करेगी।''
हालांकि उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन से बातचीत के दरवाजे अभी खुले हैं।
पटेल ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर गठबंधन प्रत्याशी के रूप में सिराथू सीट से चुनाव लड़ा था जहां उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पराजित किया था।
इस सवाल पर कि सपा से तल्खी के बाद क्या वह विधायक पद से इस्तीफा देंगी, उन्होंने कहा, ''मैं समाजवादी पार्टी की विधायक नहीं हूं। मैं अपना दल गठबंधन की विधायक हूं।’’
भाषा सलीम