निर्वाचन आयोग ने आंध्र प्रदेश में 176 करोड़ रुपये की चीजों की जब्ती की
राजकुमार रंजन
- 20 Mar 2024, 08:29 PM
- Updated: 08:29 PM
अमरावती, 20 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीणा ने बुधवार को कहा कि निर्वाचन आयोग ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले एक जनवरी से अबतक 176 करोड़ रुपये के नकद, बेशकीमती धातु, मादक पदार्थ और अन्य चीजें जब्त की हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इन जब्तियों में 78 करोड़ रुपये नकद, 41 करोड़ रुपये की बेशकीमती धातु और 30 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ शामिल हैं।
उन्होंने यहां सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद पिछले तीन दिनों में हमने 3.39 करोड़ रुपये के नकद, शराब, मादक पदार्थ और अन्य उपहार जब्त किये हैं।’’
उन्होंने कहा कि 3.39 करोड़ रुपये की जो जब्तियां की गयी हैं उनमें शराब 1.6 करोड़ रुपये की, 80 लाख रुपये नकद तथा बाकी मादक पदार्थ एवं उपहार हैं।
मीणा ने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग रोजमर्रा के आधार पर आबकारी विभाग से विनिर्माताओं, गोदामों एवं खुदरा विक्रेताओं के सिलसिले में शराब उत्पादन एवं भंडारण का जायजा ले रहा है ताकि उसकी रूझान का पिछले साल के इसी दिन के साथ तुलना किया जा सके।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार यदि शराब उत्पादन एवं भंडारण का स्तर उस दिन करीब-करीब पिछले साल जितना ही है तो यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि शराब का मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए, हमें हररोज आबकारी विभाग से रिपोर्ट मिलती है और आजतक कोई अंतर नहीं है। आज पिछले साल की तुलना में भंडारण एवं बिक्री कम रही।’’
उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता के प्रभाव में आने पर पिछले तीन दिनों में सार्वजिनक स्थानों से दो लाख राजनीतिक पोस्टर, बैनर और होर्डिंग हटाये गये हैं।
राज्य में हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति वाली राजग की चुनाव प्रचार सभा के प्रबंध में कथित चूक के बारे में पूछे जाने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह कहते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम केंद्रीय गृह मंत्रालय और ‘स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप’ (एसपीजी) के अंतर्गत आते हैं।
आंध्रप्रदेश में विधानसभा की 175 और लोकसभा की 25 सीट पर 13 मई को चुनाव होंगे। नतीजे चार जून को आयेंगे।
भाषा राजकुमार