चिकित्सक मौत: सीबीआई ने अस्पताल के पूर्व प्राचार्य के वाहन की तकनीकी पड़ताल की, चालक से पूछताछ की
देवेंद्र वैभव
- 21 Aug 2024, 10:38 PM
- Updated: 10:38 PM
कोलकाता, 21 अगस्त (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के कर्मियों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पूर्व प्राचार्य डॉ. संदीप घोष द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन की बुधवार को तकनीकी पड़ताल की। यह पड़ताल मेडिकल प्रतिष्ठान के अंदर एक महिला चिकित्सक के कथित बलात्कार और हत्या की जांच के सिलसिले में की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई कर्मियों ने उस वाहन के चालक से भी पूछताछ की जिसे घोष आरजीकेएमसीएच के प्राचार्य के तौर पर इस्तेमाल कर रहे थे।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘फोरेंसिक विशेषज्ञों ने वाहन की जांच पड़ताल की है ताकि इसकी गतिविधियों का विवरण पता लगाया जा सके। हम यह भी जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या वाहन का इस्तेमाल कुछ ले जाने के लिए किया गया था। हमने जानकारी लेने के लिए वाहन के चालक से भी बात की है।’’
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने हत्या की जांच के तहत बुधवार को लगातार छठे दिन घोष से पूछताछ जारी रखी।
सूत्रों के अनुसार घोष से पूछा गया कि क्या उन्होंने मृतक चिकित्सक का पोस्टमार्टम आरजीकेएमसीएच में कराने पर जोर दिया था तथा कहीं और इसकी अनुमति नहीं दी थी।
इस बीच, घोष के एक करीबी सूत्र ने बताया कि पूर्व प्राचार्य कथित बलात्कार और हत्या की पीड़िता की पहचान उजागर करने के मामले में पूछताछ के वास्ते कोलकाता पुलिस के अधिकारियों के समक्ष उपस्थित नहीं हुए, जो कि अवैध है।
घोष ने पुलिस को बताया कि सीबीआई द्वारा पूछताछ के कारण वह उपलब्ध नहीं हो पाएंगे तथा उन्होंने किसी और तारीख पर पेश होने का आग्रह किया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस ने सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में ‘‘वित्तीय अनियमितताओं’’ में कथित संलिप्तता के लिए भी घोष के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
घोष को 2021 में अस्पताल का प्राचार्य नियुक्त किया गया था।
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में नौ अगस्त को ड्यूटी के दौरान स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। पश्चिम बंगाल की राजधानी में सरकारी अस्पताल के सेमिनार हॉल में चिकित्सक का शव मिला था।
बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
भाषा
देवेंद्र