उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आपसी विवाद को लेकर पुलिसकर्मी ने शिक्षक की गोली मारकर हत्या की
सं सलीम आनंद जितेंद्र
- 19 Mar 2024, 12:00 AM
- Updated: 12:00 AM
मुजफ्फरनगर (उप्र), 18 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक पुलिसकर्मी ने आपसी विवाद के बाद एक शिक्षक की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए मृत शिक्षक के परिजनों को पांच करोड़ रुपये मुआवजा और आरोपी पुलिसकर्मी को सजा देने की मांग की।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि वाराणसी के शिक्षा विभाग की एक टीम रविवार को पुलिस की सुरक्षा में मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित एसडी इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा की कॉपियां लेकर आई थी, जिसमें शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार और दो चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी भी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि कॉलेज का गेट बंद होने के कारण टीम के सदस्य कॉपियां देने के लिए वाहन में ही रुक गये।
अधिकारी ने बताया कि रविवार रात में कॉलेज के बाहर शिक्षक धर्मेंद्र और पुलिसकर्मी चंद्र प्रकाश के बीच किसी बात को लेकर झड़प हो गई, जिसके बाद चंद्र प्रकाश ने अपनी सरकारी बंदूक से शिक्षक को गोली मार दी।
प्रजापत ने बताया कि गंभीर रूप से घायल शिक्षक धर्मेंद्र कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि शिक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं
आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मौके पर मौजूद लोगों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है।
इस घटना से नाराज शिक्षकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए रास्ता जाम किया और मृत शिक्षक के परिवार को कम से कम 10 करोड़ रुपये के मुआवजे एवं परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।
अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भाजपाई शासन का अहंकार धीरे-धीरे प्रशासन पर भी आने लगा है। पहले भी एक सिपाही ने लोगों की हत्या की थी और आज फिर।''
यादव ने कहा, ''झूठे एनकाउंटर करवाने वाली भाजपा सरकार ने पुलिस व्यवस्था तक में कुछ लोगों को हिंसक बना दिया है। मृतक शिक्षक के परिजनों को पांच करोड़ का मुआवजा दिया जाए और आरोपी पुलिस वाले को उसके किये की सजा। उप्र में कोई शिक्षा मंत्री हों तो वो भी जागें।''
भाषा सं सलीम आनंद