कर्नाटक: भूस्खलन में लापता तीन लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी
शुभम रंजन
- 20 Jul 2024, 09:13 PM
- Updated: 09:13 PM
बेंगलुरु, 19 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के शिरूर गांव में इस सप्ताह के शुरू में हुए भूस्खलन के बाद से लापता केरल के एक लॉरी चालक सहित तीन लोगों को ढूंढने के लिए शनिवार को भी तलाशी अभियान जारी रहा।
राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया रविवार को तलाशी अभियान की समीक्षा के लिए भूस्खलन स्थल का दौरा कर सकते हैं।
पुलिस ने बताया कि 16 जुलाई को हुई घटना के बाद से अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि बचाव प्रयासों में मदद के लिए 'ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार' और 'मेटल डिटेक्टर' जैसे उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। भारी बारिश के कारण तलाशी अभियान में बाधा आ रही है।
पुलिस अधीक्षक (कारवार) नारायण एम ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "बचाव और तलाशी अभियान आज फिर से शुरू हो गया है। हम लापता लोगों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रही हैं और हमने अब तक सात शव बरामद किए हैं और दुर्भाग्य से तीन और लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें केरल का लॉरी चालक भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, "हमारा पूरा प्रशासन मौके पर है, हेलीकॉप्टर की भी व्यवस्था की गई है, नौसेना भी अभियान में मदद कर रही है।"
केरल के लापता लॉरी चालक के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "हम लॉरी का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण हमारे तलाशी अभियान में बाधा आ रही है।
भूस्खलन के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
केंद्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने शनिवार दोपहर भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और आरोप लगाया कि यहां 'अवैज्ञानिक कार्य' हुआ है। उन्होंने इसे ही इस घटना का कारण बताया।
उन्होंने अभियान की समीक्षा करने के बाद संवाददाताओं से कहा, "एक तरफ वन क्षेत्र में काम हुआ है, वहीं दूसरी तरफ घटिया काम हुआ है। देश में कई अच्छे काम हो रहे हैं, लेकिन यहां अवैज्ञानिक काम हुआ है। वन विभाग द्वारा दी गई मंजूरी से संबंधित कुछ मुद्दे थे, लेकिन अभी इस पर टिप्पणी करने का कोई मतलब नहीं है। यह बहुत दुखद घटना है कि चाय बेचकर जीवन यापन करने वाले एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई।"
भाषा
शुभम