रुश्दी पर हमला करने के आरोपी को उनकी निजी सामग्री देखने की अदालत ने नहीं दी अनुमति
एपी सिम्मी मनीषा
- 19 Jul 2024, 12:14 PM
- Updated: 12:14 PM
मेविले (अमेरिका), 19 जुलाई (एपी) अमेरिका की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को फैसला सुनाया कि लेखक सलमान रुश्दी को, उन पर हमला करने के आरोपी को हमले संबंधी अपनी निजी टिप्पणी उपलब्ध कराने की आवश्यकता नहीं है।
आरोपी ने दावा किया था कि मुकदमे की तैयारी के लिए उसे यह सामग्री हासिल करने का हक है।
हादी मतार के वकीलों ने फरवरी में रुश्दी और प्रकाशक ‘पेंगुइन रैंडम हाउस’ को लेखक के हाल ही में प्रकाशित संस्मरण: ‘नाइफ: मेडिटेशन आफ्टर एन अटेम्प्टेड मर्डर’ से संबंधित सभी स्रोत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए समन भेजा था। रुश्दी के इस संस्मरण में ‘चौटाउक्वा इंस्टीट्यूशन’ में 2022 में उन पर चाकू से हुए हमले का विवरण दिया गया है।
लोक अभियोजक नाथेनियल बैरोन ने कहा कि आरोपी ने जो सामग्री मांगी है, उसमें ऐसी जानकारी है जो अन्यत्र उपलब्ध नहीं है।
चौटाउक्वा काउंटी के न्यायाधीश डेविड फोले ने बृहस्पतिवार को बहस के दौरान बैरोन से कहा, ‘‘आप इसे किताब से प्राप्त कर सकते हैं।’’
न्यायाधीश ने साथ ही कहा कि रुश्दी और प्रकाशक न्यूयॉर्क के ‘शील्ड कानून’ के दायरे में आते हैं, जो पत्रकारों को गोपनीय स्रोतों या सामग्री का खुलासा करने के लिए बाध्य किए जाने से बचाता है।
‘पेंगुइन रैंडम हाउस’ की वकील एलिजाबेथ मैकनामारा ने समन को रद्द किए जाने का अनुरोध करते हुए कहा कि रुश्दी से व्यक्तिगत सामग्री सौंपने के लिए कहने का मतलब होगा ‘‘रुश्दी को दूसरी बार प्रताड़ित किया जाना।’’
न्यू जर्सी के फेयरव्यू निवासी मतार ने चौटाउक्वा काउंटी की ग्रैंड जूरी द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद हमला करने और हत्या के प्रयास के मामले में खुद को निर्दोष बताया था।
अधिकारियों ने बताया कि मतार ने मंच पर चढ़कर रुश्दी पर उस समय चाकू से हमला कर दिया, जब वह पश्चिमी न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में लगभग 1,500 लोगों को संबोधित करने वाले थे।
अपने उपन्याय ‘मिडनाइट्स चिल्ड्रन’ के लिए 1981 में बुकर पुरस्कार से सम्मानित रुश्दी (77) की पुस्तक ‘द सैटेनिक वर्सेज’ को लेकर ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला खुमैनी ने 1989 में उन्हें जान से मारने के लिए एक फतवा जारी किया था। कुछ मुसलमानों का मानना है कि यह पुस्तक ईशनिंदा करती है।
एपी सिम्मी