केरल की नहर में लापता सफाई कर्मचारी का शव मिला
शुभम शफीक
- 15 Jul 2024, 02:45 PM
- Updated: 02:45 PM
तिरुवनंतपुरम, 15 जुलाई (भाषा) केरल सरकार ने सोमवार को कहा कि दो दिन पहले राज्य की राजधानी में नहर की सफाई करते समय लापता हुए सफाई कर्मचारी जॉय का शव मिल गया है।
सरकारी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सोमवार की सुबह अमायिजांचन नहर में मिला शव 47 वर्षीय जॉय का है।
निगम के सफाई कर्मचारियों ने पझावंगडी-ठाकरापरम्बु-वंचियूर रोड पर नहर में सड़ी-गली लाश देखी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस और वार्ड पार्षद को इसकी सूचना दी।
भारतीय नौसेना की एक टीम ने भी लापता सफाई कर्मचारी का पता लगाने के लिए सोमवार सुबह बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया।
लापता कर्मी शनिवार को अमायिजांचन नहर में सफाई करते समय बह गया था।
अधिकारियों द्वारा उसके शव की आधिकारिक रूप से पहचान करने के बाद पुलिस, अग्निशमन बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) सहित कई एजेंसियों ने बचाव अभियान को समाप्त कर दिया। यह बचाव अभियान पिछले 46 घंटे से बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने जॉय की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए इसे ‘‘बेहद दुखद’’ घटना बताया है।
विजयन ने तिरुवनंतपुरम में एक बयान में कहा, ‘‘शनिवार से लापता जॉय का शव आज सुबह ठाकरापरम्बु-वंचियूर के पास मिला। मैं जॉय की मौत पर अपनी गहरी संवेदना और दुख व्यक्त करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि जॉय की तलाश के लिए 46 घंटे तक लगातार अभियान चलाया गया।
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने कहा कि जॉय एक असफल सरकारी व्यवस्था का शिकार हो गया।
सतीशन ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में पूछा, ‘‘उस गरीब आदमी की लाचारी, जिसे बिना किसी सुरक्षा उपाय के प्रदूषित पानी में कूदने के लिए मजबूर होना पड़ा, शासन प्रणाली की अक्षमता और उपेक्षा का परिणाम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जॉय के लापता होने के कुछ ही घंटों के भीतर मशीन की सहायता से कई टन कचरा हटा दिया गया। ऐसी कौन सी बाधा थी जिससे यह पहले नहीं किया गया?’’
रेलवे ठेकेदार द्वारा नियुक्त अस्थायी सफाई कर्मचारी जॉय शनिवार को कचरे से भरी नहर की सफाई करते समय लापता हो गये थे। यह नहर राजधानी तिरुवनंतपुरम के मध्य से होकर गुजरती है।
भाषा शुभम