मेरठ में गोहत्या की तैयारी कर रहे दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
सं, आनन्द रवि कांत
- 16 Aug 2026, 03:39 PM
- Updated: 03:39 PM
मेरठ, 16 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरूरपुर थाना क्षेत्र में कथित तौर पर गोहत्या की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान लिसाड़ी गेट की खुशहाल कॉलोनी निवासी यामीन (35) और दूसरे आरोपी की पहचान जानी क्षेत्र के सिवालखास निवासी पप्पू (30) के रूप में हुई है।
सरूरपुर थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि शनिवार रात हर्रा-खिवाई मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हिंडन नदी के पुल से पहले खिवाई की ओर जाने वाले खड़ंजे के पास चार लोग एक गोवंश को पेड़ से बांधकर गोहत्या की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर सरूरपुर पुलिस और स्वात टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, टीम ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें यामीन के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरूरपुर भेजा गया।
पुलिस ने मौके से पप्पू को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे और गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मौके से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस, दो चाकू, दो बांका/गड़ांसे, लकड़ी का गुटका, तीन रस्सियां, दो सूजे, काले रंग का कपड़ा, एक प्लास्टिक का थैला और एक जीवित गाय बरामद की गई। इसके अलावा एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक यामीन के खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास, गोवध अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम समेत 20 मामले दर्ज हैं। वहीं, पप्पू के खिलाफ जानी थाने में आयुध अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत
1608 1539 मेरठ