भागवत की टिप्पणी के बाद भाजपा ने कहा, प्रधानमंत्री युवाओं को सशक्त करने के लिए कर रहे काम
नरेश
- 07 Aug 2026, 04:47 PM
- Updated: 04:47 PM
नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) भाजपा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत की 'जेन जी' को लेकर की गई टिप्पणियों का शुक्रवार को समर्थन किया। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के युवाओं पर बहुत भरोसा है और वह नए अवसरों का सृजन कर लगातार युवाओं को उनके सपने पूरे करने में मदद कर रहे हैं।
यह टिप्पणी भागवत के बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने 'जेन जी' के समर्थन में खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि 'जेन जी' की शिकायतें जायज हैं और उन्हें युवाओं की ईमानदारी पर विश्वास है। उन्होंने यह भी कहा था कि युवाओं का विरोध प्रदर्शन करना उन्हें ''राष्ट्र-विरोधी'' नहीं बनाता।
'जेन जी' उस पीढ़ी को कहा जाता है जो 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है।
मुंबई में एक कार्यक्रम में भाग लेते हुए भागवत ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन संवाद का एक वैध माध्यम है और इसका उद्देश्य विभाजन पैदा करना नहीं बल्कि सहमति बनाना होना चाहिए।
उनकी यह टिप्पणी परीक्षा प्रश्नपत्र लीक को लेकर कॉक्रोच जनता पार्टी (कॉजपा) के हालिया आंदोलन की पृष्ठभूमि में आई। भागवत ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठाई जा रही चिंताएं जायज हैं और उन्होंने इस क्षेत्र पर खर्च को बढ़ाकर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का छह प्रतिशत करने की वकालत की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार देश के युवाओं को उनके सपने पूरे करने में मदद करने के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''अगर प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के एजेंडे का कोई एक मुख्य आधार है तो वह भारत के युवा हैं। आज के युवा, जिन्हें लोग 'जेन जी' कहते हैं, वही हैं जिन पर प्रधानमंत्री को सबसे अधिक भरोसा है और वह उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।''
चुघ ने कहा कि मोदी ने कई पहल के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने कहा, ''देश के युवाओं को कुशल बनाने के लिए उन्होंने कौशल मंत्रालय बनाया। भारत के युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने दुनिया के साथ आर्थिक समझौते किए, व्यापार समझौते किए और देश के भीतर नीतिगत बदलाव किए।''
उन्होंने दावा किया कि भारत 7.8 प्रतिशत की विकास दर के साथ प्रगति कर रहा है और बेरोजगारी की समस्या पर ''बड़ा प्रहार'' किया गया है। चुघ ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं।
चुघ ने कहा कि सरकार ने 'जेन जी' को सशक्त बनाने के लिए स्टार्ट-अप इंडिया, स्किल इंडिया और मुद्रा योजना जैसी पहल शुरू की हैं और इनका प्रभाव वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा, ''आज भारत की जेन जी इन योजनाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन पूरी दुनिया में कर रही है।''
झारखंड में जारी छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए चुघ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ''दोहरा रवैया'' अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दिल्ली में छात्रों का समर्थन किया, जबकि उनकी पार्टी के गठबंधन वाली सरकार वाले राज्य में वह इस मुद्दे पर चुप हैं।
उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी का दोहरा रवैया है। दिल्ली में दिखावे के लिए कुछ और झारखंड में कुछ। वहां आपकी सरकार सत्ता में है। अगर छात्रों की मांगें जायज हैं तो मुख्यमंत्री और आपकी सरकार उन मांगों को क्यों नहीं स्वीकार कर रही है?''
चुघ ने पंजाब में प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे और झारखंड में जारी आंदोलन का हवाला देते हुए यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जहां सत्ता में हैं, वहां वे छात्रों के साथ खड़े होने में विफल रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''सच्चाई यह है कि देश की जनता आपके दोहरे रवैये को समझ चुकी है, राहुल गांधी! आपने पंजाब में प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर एक भी शब्द नहीं बोला। आपकी सरकार ने छात्रों के अधिकारों के समर्थन में एक भी बात नहीं कही।''
भाजपा नेता ने कहा, ''अगर आपका गठबंधन वास्तव में छात्रों के साथ खड़ा है तो उसने अब तक एक भी शब्द क्यों नहीं कहा? आंदोलन अब भी जारी क्यों है? छात्रों की मांगों को अभी तक स्वीकार क्यों नहीं किया गया है?''
भाषा आशीष नरेश
नरेश
0708 1647 दिल्ली