कार की टक्कर के बाद दो कांवड़ियों पर हमला; विरोध में चक्काजाम
नरेश
- 07 Aug 2026, 02:43 PM
- Updated: 02:43 PM
ग्वालियर, सात अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में कार की टक्कर लगने के बाद दो कावड़िये युवकों पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के विरोध में लोगों ने चक्काजाम किया।
परिजनों का दावा है कि घायल युवक कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले कांवड़िये थे। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात किला गेट क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय हिंदू संगठनों और घायलों के परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
एक अधिकारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा ने संवाददाताओं से कहा, "बृहस्पतिवार रात किला गेट थाना क्षेत्र के हथियापुर में कार की टक्कर के बाद दो युवकों के साथ मारपीट की गई। दोनों घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसका उपचार चल रहा है।"
उन्होंने बताया कि घटना के विरोध में लोगों ने चक्काजाम किया था, लेकिन प्रशासन ने उन्हें समझाकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। मामले की जांच जारी है।
ग्वालियर के उपखंड मजिस्ट्रेट प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कहा, "किला गेट क्षेत्र में कार दुर्घटना के बाद यह घटना हुई। मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।"
घायलों के परिजन मनोज यादव ने दावा किया कि दोनों युवक वार्षिक कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए उत्तराखंड के हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों अपने साथियों का किला गेट के पास इंतजार कर रहे थे, तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद कार से उतरे लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
यादव का आरोप है कि कार चालक ने अपने कुछ साथियों को भी बुला लिया, जो धारदार हथियार और हथौड़े लेकर पहुंचे तथा दोनों युवकों पर हमला कर उन्हें घायल करने के बाद फरार हो गए।
भाषा सं दिमो रंजन नरेश
नरेश
0708 1443 ग्वालियर