उत्तराखंड उपचुनाव: मंगलौर में पूर्वाह्न 11 बजे तक 26.99 और बद्रीनाथ में 21.20 फीसदी मतदान
पारुल नरेश
- 10 Jul 2024, 01:58 PM
- Updated: 01:58 PM
(तस्वीर के साथ)
देहरादून, 10 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड में बुधवार को हो रहे विधानसभा उपचुनाव के तहत मंगलौर और बद्रीनाथ सीट पर पूर्वाह्न 11 बजे तक क्रमश: 26.99 फीसदी तथा 21.20 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलौर और बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ तथा यह शाम छह बजे तक जारी रहेगा।
मंगलौर से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक सरवत करीम अंसारी का पिछले साल अक्टूबर में निधन होने के कारण इस सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया था। वहीं, बद्रीनाथ में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भंडारी के इस साल मार्च में इस्तीफा देने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।
हरिद्वार जिले के मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर दो राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में झड़प में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।
रूड़की सिविल लाइन कोतवाली के प्रभारी आरके सकलानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंगलौर के लिब्बरहेड़ी में बूथ संख्या 53-54 पर दो पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि झड़प में कुछ लोग घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
कुछ खबरों में बूथ पर गोलीबारी होने का दावा किया गया है, लेकिन पुलिस ने इससे इनकार किया है।
सोशल मीडिया पर झड़प के कथित वीडियो में कांग्रेस उम्मीदवार काजी निजामुद्दीन को खून से लथपथ एक व्यक्ति को अस्पताल ले जाते हुए देखा जा सकता है। काजी ने भाजपा पर नफरत के बीज बोकर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया।
हरिद्वार के जिला अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे।
मंगलौर में बसपा ने कांग्रेस प्रत्याशी काजी निजामुद्दीन के खिलाफ पूर्व विधायक अंसारी के बेटे उबेदुर रहमान को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, भाजपा ने गुज्जर नेता करतार सिंह भड़ाना पर दांव लगाया है।
मुस्लिम और दलित बहुल मंगलौर सीट पर अतीत में बसपा और कांग्रेस का दबदबा रहा है। वहीं, बद्रीनाथ में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी और कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। वहीं, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पूर्व अधिकारी हिम्मत सिंह सैनिक समाज पार्टी के प्रत्याशी, जबकि पेशे से पत्रकार नवल खाली निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर बद्रीनाथ से किस्मत आजमा रहे हैं।
उपचुनाव की मतगणना 13 जुलाई को की जाएगी।
भाषा पारुल