बेटे के जन्मदिन से एक दिन पहले, 37 वर्षीय व्यक्ति की घर के बाहर गोली मारकर हत्या
नरेश
- 31 Jul 2026, 07:58 PM
- Updated: 07:58 PM
नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) बाहरी दिल्ली के कंझावला में 37 साल के एक व्यक्ति की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना उसके छोटे बेटे के पहले जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले हुई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि वह वारदात की संभावित गिरोह रंजिश पहलू से भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हरीश माथुर को बृहस्पतिवार रात करीब 11:15 बजे कराला रोड पर एक स्कूल के पास मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने तीन-चार गोलियां मारीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि अपराध और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल की जांच की और सबूत इकट्ठा किए। मौके पर कारतूस के तीन-चार खाली खोखे और मोटरसाइकिल के टायर के निशान मिले हैं।
अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें की जा रही हैं। पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज की भी जांच रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, जिस तरह से हमला किया गया, उससे लगता है कि यह निशाना बनाकर हत्या करने का मामला हो सकता है।
अधिकारी ने कहा, "गिरोह की आपसी दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।"
पीड़ित की पत्नी ने दावा किया कि घटना से कुछ देर पहले ही उन्होंने अपने पति को वीडियो कॉल किया था और उसके पीछे एक अनजान व्यक्ति को खड़े देखा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने अचानक फोन कॉल काट दिया।
उन्होंने आरोप लगाया, "करीब 10 मिनट बाद मुझे बताया गया कि मेरे पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मुझे शक है कि इसमें वही व्यक्ति शामिल था। मैं उसे पहचान सकती हूं।"
हरीश के पिता ने बताया कि जब वह टीवी देख रहे थे, तो उन्हें घर के बाहर तेज़ आवाज़ सुनाई दी। वह बाहर भागे तो देखा कि उनका बेटा खून से लथपथ पड़ा था।
उन्होंने कहा, "हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। अगर कहीं और उसका कोई झगड़ा था तो उसने हमें कभी नहीं बताया।"
मृतक के परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटे हैं। उसके छोटे बेटे का पहला जन्मदिन शनिवार को है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांचकर्ता इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि पीड़ित कुछ अपराधियों के संपर्क में था और हो सकता है कि गोलीबारी से पहले किसी परिचित ने उसे घर से बाहर बुलाया हो।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि कुछ गिरोह के सदस्यों के साथ उसके कथित संबंध और प्रॉपर्टी खरीद फरोख्त में उसकी कथित भूमिका की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है और हत्या के पीछे की वजह का पता जांच के बाद ही चलेगा।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश
3107 1958 दिल्ली