मप्र:प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला
संतोष
- 23 Jul 2026, 07:46 PM
- Updated: 07:46 PM
भोपाल, 23 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।
कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान नीट पेपर लीक मामले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमों को तत्काल वापस लिए जाने की भी मांग की।
एक दिन पहले बुधवार को भाजपा ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के निकट कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के धरने के खिलाफ यहां मार्च निकाला था और आरोप लगाया था कि देश में लंबे समय तक राज करने वाली पार्टी आज लोकतांत्रिक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय 'प्रायोजित अराजकता' की राजनीति कर रही है।
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की तरफ पैदल रवाना हुए।
हालांकि, पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसके बावजूद बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, लेकिन वे आगे नहीं जा सके।
मसूद ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रश्नपत्र लीक के मामलों में शामिल लोगों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए त्वरित अदालतें स्थापित करने की बात कही है लेकिन उन्होंने प्रधान के इस्तीफे पर कुछ नहीं बोला है।
उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री बच्चों को इंसाफ नहीं दिलाना चाहते।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कोई भी चर्चा प्रधान के इस्तीफे के बाद होगी और जब तक छात्रों को इंसाफ नहीं मिल जाता, कांग्रेस यह लड़ाई लडे़गी।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र 'लीक' को लेकर युवाओं के लगातार जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार सुबह कहा कि देश के युवाओं का कल्याण और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सक्सेना ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों ने देश के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने कहा, ''हमारी मांग स्पष्ट है कि नीट पेपर लीक सहित सभी परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं तथा नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें।''
प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही, शिक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर 20 जून से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाषा ब्रजेन्द्र संतोष
संतोष
2307 1946 भोपाल