कॉजपा के साथ अपने कार्यालय या घर बातचीत के लिए तैयार हूं: नड्डा
नेत्रपाल
- 23 Jul 2026, 06:56 PM
- Updated: 06:56 PM
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में जारी छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार प्रदर्शनकारी युवाओं के साथ और बातचीत करने के लिए तैयार है, जो उनके कार्यालय या आवास पर हो सकती है।
नड्डा की टिप्पणी अहम है क्योंकि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पर्चा लीक को लेकर जंतर-मंतर पर युवाओं के विरोध-प्रदर्शन की अगुवाई कर रही कॉजपा ने घोषणा की है कि वह सरकार के साथ बातचीत का अगला दौर या तो विरोध स्थल पर या किसी तटस्थ जगह पर करेगी।
कॉजपा के दो प्रतिनिधियों ने सोमवार को नड्डा के आवास पर उनसे पहले दौर की बातचीत की थी, जिसमें उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित अपनी मांगें रखीं।
यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार कॉजपा के साथ वार्ता के एक और दौर के लिए तैयार है, उन्होंने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, "हां, हम तैयार हैं"।
बैठक के स्थान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "वे या तो मेरे आवास पर आ सकते हैं या मेरे कार्यालय में।"
सूत्रों के मुताबिक, दिन में नड्डा ने कॉजपा को बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन उनके नेताओं ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
बुधवार को भी कॉजपा को नड्डा के साथ बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन इस संगठन ने यह कहते हुए निमंत्रण अस्वीकार कर दिया कि वह सरकार से केवल किसी तटस्थ स्थान पर ही बातचीत करेगी।
इस संबंध में एक सूत्र ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''जे पी नड्डा की ओर से आज बातचीत के लिए कॉजपा को निमंत्रण भेजा गया, लेकिन प्रदर्शन स्थल के मंच पर मौजूद नेताओं ने इसे अस्वीकार कर दिया।''
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र 'लीक' मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले महीने से जंतर-मंतर पर धरना दे रही कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुलिस ने उन्हें बृहस्पतिवार सुबह बताया कि नड्डा ने उन्हें अपने आवास पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया है।
दास ने कहा, ''हमने किसी के घर या दफ्तर जाने से इनकार कर दिया। जनता की अदालत यहीं लगी है। मंत्रियों को जनता के बीच आना चाहिए। यदि वे बातचीत करना चाहते हैं तो वह जंतर-मंतर पर ही होनी चाहिए।''
हालांकि, उन्होंने कहा कि कॉजपा बातचीत के लिए तैयार है और यदि सुरक्षा संबंधी कोई चिंता है, तो वह प्रदर्शन स्थल के निकट किसी तटस्थ स्थान पर बातचीत के प्रस्ताव पर विचार करने को भी तैयार है।
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल
2307 1856 दिल्ली