भारत ने जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 125 रन पर रोका
नमिता
- 23 Jul 2026, 06:39 PM
- Updated: 06:39 PM
हरारे, 23 जुलाई (भाषा) तेज गेंदबाजों मयंक यादव और प्रिंस यादव की धारदार गेंदबाजी से भारत ने बृहस्पतिवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिेकेट मैच में जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 125 रन पर रोक दिया।
लगभग दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे मयंक ने 18 जबकि प्रिंस ने 19 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। रवि बिश्नोई और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जिम्बाब्वे ने 14वें ओवर में 64 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद वेस्ली माधेवेरे (39 रन, 34 गेंद, तीन चौके, एक छक्का) और ताडिवनाशे मरुमानी (नाबाद 27, 20 गेंद, दो चौके, एक छक्का) ने छठे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर जिम्बाब्वे को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया और गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए पावर प्ले में ही मेजबान टीम का स्कोर तीन विकेट पर 26 रन कर दिया।
मयंक ने मैच की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट (00) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने विकेटकीपर इशान किशन को कैच थमाया।
पदार्पण कर रहे बेन कुरेन (10) ने पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज अशोक शर्मा पर लगातार दो चौके मारे लेकिन प्रिंस यादव की गेंद को मिडविकेट पर वैभव सूर्यवंशी के हाथों में खेल गए।
मयंक ने डियोन मायर्स (06) को शिवम दुबे के हाथों कैच कराके जिम्बाब्वे को तीसरा झटका दिया।
कप्तान सिकंदर रजा (04) ने प्रिंस पर चौका मारा लेकिन दुबे की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी सूर्यांश शेडगे को कैच दे बैठे जिससे आठवें ओवर में जिम्बाब्वे का स्कोर चार विकेट पर 32 रन हो गया।
रेयान बर्ल और वेस्ली माधेवेरे ने इसके बाद पारी को संभाला। बर्ल ने दुबे पर पारी के पहले छक्के के साथ 11वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।
बर्ल और माधेवेरे हालांकि रन गति बढ़ाने में नाकाम रहे। इसी दबाव के बीच बर्ल ने रवि बिश्नोई की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन बाउंड्री पर तिलक वर्मा को कैच थमाया। उन्होंने 35 गेंद का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का मारा।
माधेवेरे ने अशोक पर लगातार दो चौके और बिश्नोई पर छक्के के साथ रन गति बढ़ाने का प्रयास किया। मरुमानी ने भी दुबे पर छक्का जड़ा।
जिम्बाब्वे के रनों का शतक 18वें ओवर में पूरा हुआ।
माधेवेरे पारी के अंतिम ओवर में दो रन लेने की कोशिश में रन आउट हुए।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
2307 1839 हरारे