छात्रों और अभिभावकों की चिंता एवं निराशा को समझता हूं: आर. माधवन
सुरेश
- 23 Jul 2026, 05:03 PM
- Updated: 05:03 PM
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) अभिनेता आर. माधवन ने बृहस्पतिवार को कहा कि हर छात्र निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता पर आधारित व्यवस्था का हकदार है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सरकारी प्रणाली में लोगों के विश्वास को कमजोर करती हैं।
इंस्टाग्राम पर जारी एक बयान में माधवन ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया और सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अभिनेता ने कहा, ''शिक्षा में हमारे देश के भविष्य को आकार देने की शक्ति है और हर छात्र निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता पर आधारित व्यवस्था का हकदार है। हमेशा भारत के युवाओं की असीम क्षमता पर विश्वास करने वाले व्यक्ति के रूप में, मैं आज अनेक छात्रों और अभिभावकों की चिंता तथा निराशा को समझता हूं। शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जो आत्मविश्वास, निष्पक्षता और समान अवसर की भावना को मजबूत करे।"
'3 इडियट्स' फिल्म के अभिनेता ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं के लिए इतनी सख्त और स्पष्ट सजा होनी चाहिए कि भविष्य में कोई भी युवाओं के भविष्य को खतरे में डालने का साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि इस मामले में अतीत की कमियों को स्वीकार किए जाने के बाद मुझे पूरा विश्वास है कि सरकार आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएगी, व्यवस्था को मजबूत करेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को बनाए रखेगी।
माधवन ने युवाओं के नाम संदेश में कहा, "मैं शांतिपूर्ण तरीके से सार्थक सुधारों की मांग कर रहे लोगों के साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना करता हूं। साथ ही, मैं सभी से उन स्वार्थी तत्वों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह करता हूं जो इस आंदोलन को अपने कब्जे में लेकर इसके वास्तविक उद्देश्य से भटकाने की कोशिश कर सकते हैं।"
अभिनेता का यह बयान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के नेतृत्व में हजारों छात्रों द्वारा निकाले गए 'चलो संसद' मार्च के तीन दिन बाद आया है।
यह मार्च नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश
2307 1703 दिल्ली