पंजाब एंड सिंध बैंक को 1,000 करोड़ रुपये के डूबे कर्ज की वसूली का लक्ष्य पार करने की उम्मीद
अजय
- 23 Jul 2026, 04:08 PM
- Updated: 04:08 PM
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) पंजाब एंड सिंध बैंक (पीएंडएसबी) को चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 1,000 करोड़ रुपये के डूबे कर्ज की वसूली के लक्ष्य को पार करने की उम्मीद है।
चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में बैंक की कुल वसूली 366 करोड़ रुपये रही, जबकि 2025-26 की समान अवधि में यह 350 करोड़ रुपये थी। पहली तिमाही में इस मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन के बाद अब बैंक पूरे वित्त वर्ष में इस आंकड़े के 1,000 करोड़ रुपये के पार जाने की उम्मीद कर रहा है।
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) स्वरूप कुमार साहा ने 'पीटीआई-भाषा' के साथ बातचीत में कहा, ''एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) में कमी लाने पर हमारे विशेष जोर को देखते हुए चालू वित्त वर्ष के लिए वसूली को लेकर दिए गए अपने अनुमान से हम कहीं बेहतर प्रदर्शन करेंगे।''
उन्होंने कहा कि बैंक के पास ऐसी कई परिसंपत्तियां हैं जिनसे अच्छी वसूली की जा सकती है।
साहा ने कहा कि बैंक ने पुराने एनपीए खातों को फिर से मानक श्रेणी में लाने पर भी विशेष ध्यान दिया है।
उन्होंने कहा कि बैंक एकमुश्त निपटान, वित्तीय परिसंपत्तियों के प्रतिभूतिकरण एवं पुनर्गठन तथा प्रतिभूति हित प्रवर्तन अधिनियम तथा दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) के तहत कार्रवाई सहित विभिन्न उपाय कर रहा है।
उन्होंने कहा, ''हमने ऐसी व्यवस्था बनाई है कि वसूली के सभी विकल्पों का इस्तेमाल किए बिना बैंक का एक भी रुपया बर्बाद न हो।''
अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग कारोबार में उपस्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से सार्वजनिक क्षेत्र का यह बैंक इस वर्ष नवंबर तक गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी में अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र (आईएफएससी) बैंकिंग इकाई (आईबीयू) शुरू करने की तैयारी में है।
साहा ने कहा कि बैंक को आईबीयू स्थापित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) दोनों से नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने कहा, ''आईबीयू विदेशी शाखा की तरह काम करेगी। इससे विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) (एफसीएनआर (बी)) जमा और विदेशी वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) के जरिये कारोबार बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं। यह शाखा हमारे बही-खाते का आकार बढ़ाने में मदद करेगी और हम विदेशी मुद्रा कारोबार भी बढ़ाना चाहते हैं।''
साहा ने कहा कि बैंक ने इसके लिए कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी है और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा प्रदाता का भी चयन कर लिया गया है।
उन्होंने कहा, ''आईटी एकीकरण का काम भी शुरू हो गया है। हमारा लक्ष्य नवंबर तक आईबीयू का परिचालन शुरू करना है।''
पंजाब एंड सिंध बैंक ने अप्रैल-जून तिमाही में शुद्ध लाभ 23 प्रतिशत बढ़कर 331 करोड़ रुपये रहने की सूचना पिछले सप्ताह दी थी।
भाषा निहारिका अजय
अजय
2307 1608 दिल्ली