छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में लगातार तीसरे दिन रास में हंगामा, बैठक दोपहर दो बजे तक स्थगित
माधव
- 22 Jul 2026, 12:32 PM
- Updated: 12:32 PM
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) 'नीट' परीक्षा के कथित प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में विपक्षी दलों ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन राज्यसभा में हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
एक बार के स्थगन के बाद जब बैठक बारह बजे पुन: शुरू हुई तब उप सभापति हरिवंश ने प्रश्नकाल शुरू कराना चाहा। लेकिन विपक्षी सदस्य प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में हंगामा करने लगे।
हरिवंश ने सदस्यों से शांत रहने की अपील करते हुए कहा ''यह प्रश्नकाल है। आजादी के 50 साल पूरे होने पर सदन में यह संकल्प लिया गया था कि किसी भी हालत में प्रश्नकाल और शून्यकाल चलाया जाएगा। अगर सदन अपनी बात पर कायम नहीं रहता तो जनता के बीच क्या संदेश जाएगा। ''
उन्होंने कहा कि सवालों के जवाब तैयार करने में कितना समय और जनता का धन लगता है, इस बात को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने अपील की, ''कृपया प्रश्नकाल चलने दें।''
अपनी बात का असर न होते देख हरिवंश ने एक मिनट के भीतर ही बैठक दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी।
इससे पहले, पूर्वाह्न 11 बजे जब सदन की बैठक शुरू हुई तो सभापति ने सिक्किम में तीस्ता नदी पर सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनएचपीसी की निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में 20 लोगों की मौत पर की जानकारी दी। सदस्यों ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान में कुछ क्षण का मौन रखा।
सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सदन को भारत में स्वदेश में विकसित पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित रेलगाड़ी के परिचालन शुरू होने की भी जानकारी दी और इसे स्वच्छ, टिकाऊ तथा तकनीकी रूप से उन्नत रेल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि सदन इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और रेल अधिकारियों को बधाई देता है।
इसके बाद सभापति ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए।
इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने अपने-अपने मुद्दे उठाने चाहे। सभापति ने दस्तावेज पटल पर रखवाने के बाद सदन में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति दी।
खरगे ने 'नीट' परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया। उनकी बात शुरु होते ही सत्तापक्ष के सदस्य हंगामा करने लगे। इसके जवाब में विपक्षी सदस्यों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी।
खरगे ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। उन्होंने कहा कि सोमवार को छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई से उन्हें ''बेहद पीड़ा'' हुई है।
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस के अधिकतर सांसद काली शर्ट और काला कुर्ता पहनकर सदन पहुंचे। खरगे की बांह में काले रंग की पट्टी बंधी थी।
हंगामे के बीच सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
मानसून सत्र शुरू होने के बाद से ही नीट परीक्षा में अनियमितता को लेकर छात्रों के आंदोलन और उसके विरूद्ध पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण उच्च सदन में गतिरोध बना हुआ है। सदन में एक भी दिन शून्यकाल एवं प्रश्नकाल तथा कोई अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्य नहीं हो पाया है।
भाषा मनीषा माधव
माधव
2207 1232 संसद