गुरु रविदास के 650वें 'प्रकाश पर्व' के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों का सालभर आयोजन: पंजाब के मंत्री
वैभव
- 14 Jul 2026, 07:22 PM
- Updated: 07:22 PM
चंडीगढ़, 14 जुलाई (भाषा) पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार संत गुरु रविदास के 650वें 'प्रकाश पर्व' को सालभर कार्यक्रमों के आयोजन के साथ मनाएगी, जिनमें उनके जीवन, दर्शन और समानता के संदेश पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री सोंद ने कहा कि राज्य सरकार ने समारोहों के लिए पहले ही 80 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी कार्यक्रमों के सफल और भव्य आयोजन के लिए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि भव्य समारोह चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जाएंगे और पूरे वर्ष जारी रहेंगे, ताकि गुरु रविदास की कालजयी शिक्षाओं को पंजाब के लोगों के साथ-साथ वैश्विक समुदाय तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने यहां कहा कि धार्मिक, शैक्षणिक और पर्यावरणीय पहलों के माध्यम से समाज के सभी वर्ग के लोगों को जोड़ने के लिए कार्यक्रम तैयार किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि गुरु रविदास के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित 30 मिनट का एक वृत्तचित्र 13,000 से अधिक गांवों में दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा स्कूल स्तर पर भी उनके जीवन और विचारों पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जुलाई से नवंबर तक राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालयों में गुरु रविदास के जीवन, दर्शन और विरासत पर सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों में विशेष 'कीर्तन समागम' आयोजित किए जाएंगे, जबकि अगस्त से नवंबर के बीच विधानसभा क्षेत्रों में गुरु रविदास के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे।
सोंद ने कहा कि सरकार पूरे पंजाब में 650 गुरु रविदास बगिचियां स्थापित करेगी, 6.50 लाख पौधे लगाने का अभियान चलाएगी, अगस्त में सभी जिला मुख्यालयों पर 'रन फॉर इक्वैलिटी' मैराथन और सितंबर में सभी जिला मुख्यालयों पर साइकिल रैलियां आयोजित करेगी।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा अक्टूबर में राज्यभर में 6.50 लाख स्मृति ध्वज वितरित किए जाएंगे।
धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि चार 'शोभा यात्राएं' 5 से 8 अक्टूबर के बीच वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से शुरू होकर खुरालगढ़ में संपन्न होंगी। उन्होंने बताया कि समारोहों का समापन 9 से 11 अक्टूबर तक खुरालगढ़ में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ होगा।
उन्होंने कहा कि 9 अक्टूबर को गुरु रविदास के जीवन पर प्रदर्शनी, 'कथा' और 'कीर्तन दरबार', संत सम्मेलन तथा गुरु की वाणी पर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दस अक्टूबर को श्रद्धालु 'कथा' और 'कीर्तन दरबार', गुरु रविदास की 'बाणी' पर सम्मेलन, मीनार-ए-बेगमपुरा में भव्य 3डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो देख सकेंगे।
समापन दिवस 11 अक्टूबर को 'कथा' और 'कीर्तन दरबार', बेगमपुरा समागम, मीनार-ए-बेगमपुरा में 3डी प्रोजेक्शन और एक भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।
सोंद ने कहा कि ये कार्यक्रम समारोहों का मुख्य आकर्षण होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक तकनीक और सार्थक जनभागीदारी के माध्यम से युवा पीढ़ी को गुरु रविदास के समानतावादी आदर्शों और आध्यात्मिक शिक्षाओं से जोड़ने का हर संभव प्रयास कर रही है।
मंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार इन समारोहों को पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि गुरु रविदास द्वारा दिए गए समानता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और मानव गरिमा का सार्वभौमिक संदेश हर घर तक पहुंच सके।
भाषा अमित वैभव
वैभव
1407 1922 चंडीगढ़