दुनिया की नंबर एक मुक्केबाज बनीं जैस्मिन, प्रिया और विश्वनाथ विश्व रैंकिंग में शीर्ष तीन में
मोना
- 04 Jun 2026, 03:38 PM
- Updated: 03:38 PM
नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) गत विश्व चैंपियन जैस्मिन लंबोरिया नवीनतम विश्व मुक्केबाजी रैंकिंग में महिला 57 किग्रा वर्ग में शीर्ष पर हैं जबकि एशियाई चैंपियशिप के स्वर्ण पदक विजेता प्रिया घंघास (60 किग्रा) और विश्वनाथ सुरेश (50 किग्रा) अपने-अपने वर्ग में शीर्ष तीन में शामिल हैं।
भारतीय मुक्केबाजों ने महिलाओं के 10 में से नौ वजन वर्ग में शीर्ष 10 में जगह बनाई है जबकि पुरुषों के 10 में से आठ वजन वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की है।
महिला वर्ग में मीनाक्षी 48 किग्रा वर्ग में दुनिया की नंबर एक मुक्केबाज बनीं हुईं हैं जबकि प्रीति पवार 54 किग्रा वर्ग में पांच स्थान के फायदे से तीसरे पायदान पर हैं।
इस साल एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली जैस्मिन एक स्थान के फायदे से दुनिया की नंबर एक मुक्केबाज बन गईं।
विश्व कप की पदक विजेता अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), पूजा रानी (80 किग्रा) और नुपुर (80 किग्रा से अधिक) अपने-अपने वजन वर्ग में दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
इस साल राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहीं दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन (51 किग्रा) एक स्थान के नुकसान से चौथे स्थान पर हैं। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) सातवें स्थान पर बरकरार हैं।
पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच (60 किग्रा) और एशियाई खेलों के पदक विजेता नरेंद्र बेरवाल (90 किग्रा से अधिक) शीर्ष पांच मुक्केबाजों में शामिल हैं। विश्व कप के स्वर्ण पदक विजेता हितेश गूलिया (70 किग्रा) एक स्थान के नुकसान से छठे जबकि अभिनाश जामवाल (65 किग्रा) आठवें पायदान पर हैं।
आकाश (75 किग्रा) और लोकेश (85 किग्रा) भी शीर्ष 10 में शामिल हैं। दोनों आठवें स्थान पर हैं।
वैश्विक स्तर पर शीर्ष 10 रैंकिंग वाले खिलाड़ियों के मामले में भारत अभी तीसरे स्थान पर है। महिला वर्ग में मजबूत ताकत बनकर उभरा भारत दूसरे पायदान पर है जबकि पुरुष वर्ग में चौथे स्थान पर है।
महिला वर्ग मे प्रवीन (60 किग्रा) 13वें जबकि अंकुशिता बोरो (65 किग्रा) 11वें स्थान पर हैं।
पुरुष वर्ग में अंकुश (80 किग्रा) 11वें जबकि दीपक (70 किग्रा) 12वें स्थान पर हैं। जुगनू (85 किग्रा) 14वें, हर्ष चौधरी (90 किग्रा) 10वें और सुमित (75 किग्रा) तथा कुमार नवीन (90 किग्रा) दोनों 18वें पायदान पर हैं।
भाषा सुधीर मोना
मोना
0406 1538 नयी दिल्ली