विधान परिषद चुनाव: महायुति ने बागी उम्मीदवारों से नाम वापस लेने की अपील की
मनीषा
- 03 Jun 2026, 04:52 PM
- Updated: 04:52 PM
मुंबई, तीन जून (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में बगावत और सीट बंटवारे को लेकर बढ़ते तनाव के बीच सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के घटक दलों ने बुधवार को बागी उम्मीदवारों से नामांकन वापस लेने की अपील की ताकि आधिकारिक प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित की जा सके।
विपक्षी महाविकास आघाड़ी (एमवीए) को भी अपने अधिकृत उम्मीदवारों की नाम वापसी और नामांकन रद्द होने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय स्वशासी निकायों से संबंधित 16 विधान परिषद सीटों तथा नागपुर स्थानीय निकाय क्षेत्र की एक रिक्त सीट के लिए उपचुनाव 18 जून को होगा। मतगणना 22 जून को की जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच दो जून को पूरी हो चुकी है, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि चार जून है।
इन चुनावों में स्थानीय स्वशासी निकायों के निर्वाचित सदस्य निर्वाचक मंडल (इलेक्टोरल कॉलेज) का हिस्सा होते हैं।
महायुति में भारतीय जनता पार्टी 11 सीटों पर, शिवसेना चार सीटों पर और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
वहीं एमवीए में कांग्रेस आठ सीटों पर, शिवसेना (उबाठा) छह सीटों पर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
दोनों गठबंधनों को विभिन्न सीटों पर बगावत का सामना करना पड़ रहा है। टिकट नहीं मिलने से नाराज कई दावेदारों ने पार्टी निर्देशों की अनदेखी करते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
बागी उम्मीदवारों के मैदान में उतरने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और नाम वापसी की समयसीमा से पहले दोनों गठबंधन अपने समर्थन आधार को मजबूत करने में जुटे हैं।
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने कहा कि चार जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों से महायुति उम्मीदवारों को समर्थन देने की अपील की।
उन्होंने कहा, ''17 सीटों के लिए हमारे आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं। जिन लोगों को टिकट वितरण को लेकर नाराजगी है, वे स्थानीय नेतृत्व से चर्चा कर समाधान निकाल सकते हैं।''
राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि आधिकारिक उम्मीदवारों के मैदान में होने के बावजूद कई इच्छुक उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
उन्होंने कहा, ''स्थिति की समीक्षा की गई है और ऐसे उम्मीदवारों को पार्टी नेतृत्व की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। महायुति सभी 17 सीटें जीतने के लिए प्रतिबद्ध है।''
दूसरी ओर, कांग्रेस के उम्मीदवार साहेबराव कोंबले ने यवतमाल स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा कर दी। उन्होंने इसके पीछे जीत के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं होने को कारण बताया।
यह फैसला एमवीए के लिए एक और झटका माना जा रहा है। इससे पहले सोलापुर से कांग्रेस उम्मीदवार आदित्य फत्तेपुरकर का नामांकन भी खारिज हो चुका है, जिसके बाद विपक्षी गठबंधन वैकल्पिक उम्मीदवार को समर्थन देने पर विचार कर रहा है।
उद्योगपति अरुण लखानी समेत कुल 39 उम्मीदवारों ने 16 विधान परिषद सीटों और नागपुर के एक उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है।
भाषा
प्रचेता मनीषा
मनीषा
0306 1652 मुंबई