त्विषा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू, शाम में भोपाल में किया जाएगा अंतिम संस्कार
अमित
- 24 May 2026, 01:44 PM
- Updated: 01:44 PM
भोपाल, 24 मई (भाषा) अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली के चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने रविवार अपराह्न पूर्व मॉडल एवं अभिनेत्री त्विषा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू किया। इसके कुछ ही देर बाद उसके परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार आज भोपाल में ही किए जाने की घोषणा की।
त्विषा के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दिल्ली एम्स से आए मेडिकल बोर्ड ने भोपाल एम्स में शव का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू किया।
इसके तत्काल बाद त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने 'पीटीआई-भाषा' को भेजे एक संदेश में बताया कि रविवार शाम पांच बजे त्विषा का राजधानी भोपाल के भदभदा विश्राम घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा, "आज एक बेटी, एक बहन, एक मित्र को हम अंतिम विदाई देने जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "जिस बेटी ने सपनों के साथ जीवन की नई शुरुआत की थी, वह आज असमय हम सबको छोड़कर चली गई। माता-पिता की सूनी आंखें, टूटे हुए सपने और न्याय की प्रतीक्षा में बीत रहा हर क्षण हमारे समाज के लिए एक मौन प्रश्न है।"
त्विषा के परिजनों ने राजधानी भोपाल के नागरिकों, समाजसेवियों, माताओं, बहनों, युवाओं तथा संवेदनशील नागरिकों से त्विषा की अंतिम यात्रा में शामिल होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, "इसमें शामिल होकर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें तथा शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हों।"
उन्होंने कहा, "आज जब त्विषा पंचतत्व में विलीन होगी, तब केवल एक परिवार नहीं रोएगा, बल्कि हर वह हृदय व्यथित होगा जो बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय में विश्वास रखता है।"
इससे पहले, त्विषा के परिवार ने बोर्ड से बहु-विषयक फोरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल दृष्टिकोण अपनाने और उन मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच करने का आग्रह किया जिनके बारे में उसने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए थे।
त्विषा (33) 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में फंदे से लटकी पाई गई थीं। उनके परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि, त्विषा के ससुराल वालों ने दावा किया है कि वह नशे की लत से पीड़ित थीं।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 22 मई के आदेश पर कार्रवाई करते हुए, एम्स दिल्ली ने दूसरे पोस्टमार्टम के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों की चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। यह मेडिकल टीम शनिवार को भोपाल पहुंची थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''डॉक्टर पोस्टमार्टम करने से पहले परिवार के सदस्यों से बात करेंगे।''
उन्होंने कहा, ''उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार पोस्टमार्टम किया जाएगा।''
हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया था कि पोस्टमार्टम कितने बजे किया जाएगा।
त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने शनिवार को मेडिकल बोर्ड को उच्च न्यायालय के आदेश की एक प्रति के साथ एक विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा था, जिसमें भोपाल में किए गए पहले पोस्टमार्टम को लेकर कई सवाल उठाए गए।
इस बीच, पुलिस त्विषा के पति समर्थ सिंह से पूछताछ कर रही है, जिसे शुक्रवार को जबलपुर में गिरफ्तार किया गया था। वह 10 दिन से फरार था।
भोपाल की एक अदालत ने शनिवार को उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं 80 (2), 85 और 3 (5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
भाषा ब्रजेन्द्र अमित
अमित
2405 1344 भोपाल