गुरिंदरवीर ने रोमांचक दौड़ में अनिमेष कुजूर से छीना 100 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड
नमिता
- 23 May 2026, 09:11 PM
- Updated: 09:11 PM
रांची, 23 मई (भाषा) गुरिंदरवीर सिंह ने शनिवार को राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के ऐतिहासिक दूसरे दिन पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में कमाल का प्रदर्शन करते हुए 10.09 सेकंड के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया।
उन्होंने एशिया में इस सत्र का दूसरा सबसे तेज समय दर्ज किया और अपने चिर प्रतिद्वंद्वी अनिमेष कुजूर को चौंकाते हुए पीछे छोड़ा। इस प्रतियोगिता में गुरिंदरवीर और पूर्व राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष के बीच 100 मीटर की दौड़ में सबसे तेज भारतीय धावक बनने का मुकाबला भारतीय एथलेटिक्स में हमेशा याद रखा जाएगा।
सौ मीटर फर्राटा दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनने के 30 मिनट के भीतर एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया।
तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व कर रहे 22 वर्षीय विशाल पिछले साल चेन्नई में 45.12 सेकंड के समय के साथ पुरुषों की 400 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने के बाद से ही सबसे चर्चित भारतीय एथलीटों में से एक रहे हैं।
उन्होंने शनिवार को 44.98 सेकंड के शानदार समय के साथ अपनी स्थिति को और मजबूत किया और 45 सेकंड से कम समय में दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय बन गए।
उन्होंने इस प्रक्रिया मेंभारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा निर्धारित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग समय 44.96 सेकंड को पार कर लिया। इसके साथ ही उनका 44.98 सेकंड का समय एशियाई शीर्ष सूची में भी शीर्ष पर रहा, जो अप्रैल में 45.16 सेकंड का समय लेने वाले अम्मार इस्माइल इब्राहिम से आगे निकल गया।
तमिलनाडु के एक अन्य एथलीट, राजेश रमेश ने 45.31 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि उत्तर प्रदेश के जय कुमार 45.47 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर रहे अनिमेष पिछले साल बनाए गए 10.18 सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ प्रतियोगिता में प्रबल दावेदार थे। लेकिन शुक्रवार को पहले दिन 25 वर्षीय गुरिंदरवीर ने शुरुआती सेमीफाइनल हीट में इसे 10.17 सेकंड तक कम कर दिया।
इसके महज पांच मिनट बाद, 22 वर्षीय अनिमेष ने दूसरे सेमीफाइनल हीट में 10.15 सेकंड का समय निकालकर नाटकीय परिस्थितियों में अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड वापस हासिल कर लिया। इससे शुक्रवार को पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड कुछ ही मिनटों के भीतर दो बार टूटा।
रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे पंजाब के धावक गुरिंदरवीर ने फाइनल में जीत हासिल की और 10.10 सेकंड से कम समय में दौड़ने वाले पहले भारतीय धावक बन गए।
इस प्रक्रिया में उन्होंने अनिमेष से 0.11 सेकंड तेज दौड़ लगाई और अपने युवा प्रतिद्वंद्वी से कम से कम दो फीट आगे फिनिश लाइन पार की।
रिलायंस फाउंडेशन के ही प्रणव गुरव 10.29 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
गुरिंदरवीर ने एएफआई द्वारा निर्धारित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग समय 10.16 सेकंड को पार कर लिया। उनका 10.09 सेकंड का समय इस सत्र में अब तक किसी एशियाई द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे तेज समय है, जो मई में 19 वर्षीय जापानी धावक फुकुतो कोमुरो द्वारा बनाए गए 10.08 सेकंड के बाद है।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
2305 2111 रांची