दिल्ली : तुगलक रोड इलाके में डकैती का एक और आरोपी गिरफ्तार
धीरज
- 23 May 2026, 07:36 PM
- Updated: 07:36 PM
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) दिल्ली के पॉश तुगलक रोड इलाके में 17 अप्रैल को हुई डकैती के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसी के साथ मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि एक व्यवसायी और उसके परिजनों को घर में बंधक बनाकर कथित तौर पर लूटपाट की गई थी और इस अपराध में परिवार के नवनियुक्त घरेलू सहायक ने मदद की थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान निहाल हसन उर्फ संजय के रूप में हुई है। उसने बताया कि हसन आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ 20 आपराधिक मामलों में दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि यह वारदात 17 अप्रैल को तुगलक रोड के गोल्फ कोर्स इलाके में हुई थी। उसने बताया कि रात करीब 8:30 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली कि हथियारबंद लोगों ने कथित तौर पर एक घर में घुस कर गहने, कीमती सामान और नकदी लूट ली है।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घरेलू सहायक ने कथित तौर पर मुख्य द्वार खोल दिया और अपने पांच से छह साथियों को घर में दाखिल होने दिया। उसने बताया कि घरेलू सहायक को केवल चार- पांच दिन पहले ही काम पर रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने डकैती को अंजाम देने से पहले पीड़ित कारोबारी के परिवार के सदस्यों को धमकाया गया और उन्हें बंधक बना लिया गया।
उसने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन जांच के दौरान निहाल हसन की पहचान अपराध में सक्रिय रूप से शामिल लोगों में से एक के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर खजूरी इलाके में निहाल को पकड़ने के लिए 21 मई को जाल बिछाया गया।
उसने बताया कि निहाल ने पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही भागने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी दूरी तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान, जांचकर्ताओं ने पाया कि निहाल एक ''आदतन अपराधी'' है और दिल्ली व आसपास के इलाकों में डकैती, लूटपाट, चोरी और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित करीब 20 आपराधिक मामलों में संलिप्त था।
पुलिस ने बताया कि निहाल पहले भी सात आपराधिक मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। उसे पिछले साल मई में जमानत पर रिहा किया गया था।
पुलिस ने बताया कि घरेलू सहायक ने परिवार का विश्वास जीतने के बाद तलवारों, लोहे की छड़ों और अन्य हथियारों से लैस अपने साथियों को घर में घुसने का रास्ता दिया। आरोप है कि गिरोह ने परिवार के सदस्यों पर हमला किया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा
शुभम धीरज
धीरज
2305 1936 दिल्ली