माकपा ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा, एआईएसएल कर्मियों की हड़ताल में हस्तक्षेप की मांग की
दिलीप
- 23 May 2026, 07:02 PM
- Updated: 07:02 PM
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर एअर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (एआईईएसएल) के कर्मचारियों की हड़ताल में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। पार्टी ने श्रमिकों के शोषण का आरोप लगाते हुए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
माकपा महासचिव एमए बेबी ने पत्र में कहा कि एआईईएसएल के कर्मचारी प्रबंधन की "स्पष्ट श्रमिक विरोधी नीतियों" के खिलाफ दिल्ली, चेन्नई, मुंबई, कोलकाता और नागपुर में पिछले आठ दिन से रखरखाव सुविधाओं के बाहर धरना दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एअर इंडिया की पूर्व सहायक कंपनी और अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) के रूप में कार्यरत एआईईएसएल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिचालन में इस्तेमाल किए जाने वाले एयरबस ए320 और बोइंग 737, 747, 777 और 787 विमानों के लिए प्रमुख रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (एमआरओ) सुविधाएं संचालित करती है।
बेबी ने पत्र में हाल में बेंगलुरु से रवाना एअर इंडिया की एक उड़ान के इंजन में कथित तौर पर आग लगने के बाद दिल्ली हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करने की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस घटना ने तकनीकी कर्मियों की अहम भूमिका और विमान रखरखाव एवं सुरक्षा से संबंधित चिंताओं को दूर करने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
माकपा नेता ने दावा किया कि एआईईएसएल में निश्चित अवधि के कर्मचारियों को समान कार्य करने वाले स्थायी कर्मचारियों के मुकाबले एक-तिहाई वेतन-भत्ते दिए जा रहे हैं, जबकि सरकार की ओर से आठ मई को जारी मसौदा मॉडल स्थायी आदेशों में निश्चित अवधि के कर्मचारियों को समान कार्य करने वाले स्थायी कर्मचारियों के बराबर वेतन-भत्ते प्रदान करने का प्रावधान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विमानों का रखरखाव करने वाले इंजीनियर और तकनीशियनों को रोजाना 12 से 14 घंटे काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जबकि उन्हें प्रति घंटे मात्र 85 रुपये की दर से ओवरटाइम भुगतान मिल रहा है, जो हाल में अधिसूचित श्रम संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन है, जिसमें सामान्य मजदूरी दर से दोगुनी दर पर ओवरटाइम भुगतान अनिवार्य किया गया है।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप
2305 1902 दिल्ली