बकरीद के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
वैभव
- 22 May 2026, 04:18 PM
- Updated: 04:18 PM
नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) ईद-उल-अज़हा से पहले दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और इसके तहत गश्त और वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है। साथ ही कई जिलों में अमन समिति की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम, सुरक्षा कर्मियों को प्रशिक्षण और समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं। देश में 28 मई को ईद-उल-अजहा या बकरीद का त्योहार मनाया जाएगा।
शाहदरा जिले में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जहां वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय प्रतिनिधियों और समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत की और उनसे सरकारी नियमों का पालन करने का आग्रह किया।
शाहदरा के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए समन्वय, सतर्कता और जनभागीदारी - इन तीन प्रमुख तत्वों पर विशेष जोर दिया गया।"
अधिकारियों ने लोगों से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत देने का आग्रह किया।
पूर्वी दिल्ली में, पुलिस ने त्योहार से पहले विश्वास बढ़ाने के उपायों के तहत कई स्थानों पर निवासी कल्याण संघों (आरडब्ल्यूए) और बाजार कल्याण संघों (एमडब्ल्यूए) के साथ बैठकें आयोजित की हैं।
पूर्वी दिल्ली जिले के एक अधिकारी ने बताया, "थाना प्रभारी (एसएचओ) अलग-अलग अमन समिति की बैठकें कर रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी कई स्थानों पर 'प्रहरी' बैठकों का आयोजन कर रहे हैं।"
अधिकारी ने बताया कि इन बैठकों का उद्देश्य स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और स्वयंसेवकों के साथ समन्वय को मजबूत करना है ताकि त्योहार पर शांति बनाकर रखी जा सके और सार्वजनिक आवागमन का सुचारू प्रबंधन हो सके।
उत्तर पूर्वी जिले की पुलिस ने अतिरिक्त बलों की सहायता से संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल गश्त भी तेज कर दी है।
पश्चिमी क्षेत्र में पुलिसकर्मी बाजारों, रिहायशी इलाकों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चला रहे हैं और गश्त कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बाजारों, धार्मिक स्थलों और बस स्टैंडों आदि सहित प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
इस बीच, दिल्ली सरकार ने बकरीद को लेकर कहा कि शहर में गायों, बछड़ों, ऊंटों और अन्य प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी देना पूरी तरह से अवैध है और ऐसा करने पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।
भाषा नोमान
नोमान वैभव
वैभव
2205 1618 दिल्ली