देहरादून में कारोबारी अजय भटेजा की हत्या मामले में उप्र का अपराधी जैकी गिरफ्तार
दीप्ति रवि कांत
- 21 May 2026, 06:11 PM
- Updated: 06:11 PM
देहरादून, 21 मई (भाषा) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में कारोबारी अजय भटेजा की हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है। यह घटना एक साल पहले की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि 'सुपारी किलर' के नाम से कुख्यात शार्प शूटर जैकी (36) को भटेजा के सौतेले भाई अमित ने संपत्ति विवाद के चलते उसे अपने रास्ते से हटाने के लिए सुपारी दी थी।
भटेजा (54) पिछले साल मई में यहां कृष्णा विहार स्थित अपने आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। उनका शव फर्श पर पड़ा था और नाक से खून निकल रहा था जबकि पंखे में चादर का फंदा भी लटका हुआ था। इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था ।
डोभाल ने बताया कि जांच के दौरान अपराध में जैकी की संलिप्तता का पता चलने पर मंगलवार को उसे उत्तर प्रदेश के मुज्जफरनगर जिले से हिरासत में लेकर राजपुर थाने लाया गया जहां सख्ती से पूछताछ में उसने 25 मई 2025 को अजय की तकिये से गला दबाकर हत्या करने का अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में जैकी ने बताया कि अजय के पास देहरादून और मसूरी में कई संपत्तियां थीं जिनमें उसका सौतेला भाई अमित हिस्सा चाहता था। इसी के चलते दोनों में विवाद था। अमित ने अजय को रास्ते से हटाने के लिए जैकी को अजय की देहरादून में जाखन स्थित संपत्ति में से आधा हिस्सा देने का लालच देकर अपनी साजिश में शामिल किया। जैकी ने इसमें अपनी महिला मित्र हुमेरा उर्फ जोया को भी मिला लिया।
साजिश के मुताबिक घटना वाली रात जैकी, जोया, अमित तथा उनका एक अन्य दोस्त नीरज अजय के घर गए। रात में जोया को उसके यहां छोड़कर बाकी सब चले गए। रात में करीब एक बजे जैकी वापस अजय के घर लौटा और जोया की मदद से उसे खूब शराब पिलाई और इसके बाद मौका देखकर तकिए से उसका मुंह दबा दिया जिससे उसकी मौत हो गयी।
पूछताछ में जैकी ने यह भी बताया कि वह अजय के शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देना चाहता था, लेकिन जल्दबाजी में वह ऐसा कर नहीं पाया। इसके बाद वह जोया को लेकर मौके से फरार हो गया।
इस दौरान कुछ देर तक अमित बाहर गाड़ी में नीरज के साथ बैठा रहा और बाद में वहां से चला गया। पुलिस के मुताबिक नीरज को इस साजिश के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
एसएसपी ने बताया कि जोया और अमित भटेजा फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
डोभाल ने बताया कि सहारनपुर के रहने वाले जैकी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि जैकी का आपराधिक इतिहास है तथा उस पर शामली, सहारनपुर व अन्य स्थानों पर लूटपाट, रंगदारी, हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन अपराधों के लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी ने बताया कि घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को गढ़वाल के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 5,000 रुपये तथा उनकी ओर से 2,500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।
भाषा
दीप्ति रवि कांत
2105 1811 देहरादून