ट्विशा शर्मा के परिजनों ने की मुख्यमंत्री यादव से मुलाकात, सीबीआई जांच का दिया भरोसा
धीरज
- 20 May 2026, 08:43 PM
- Updated: 08:43 PM
भोपाल, 20 मई (भाषा) दहेज के लिए कथित तौर पर प्रताड़ित की गई और पिछले हफ्ते मृत पाई गई नोएडा की महिला ट्विशा शर्मा के परिजनों ने बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात के दौरान मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्विशा शर्मा के परिजनों ने बुधवार दोपहर मंत्रालय में मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की।
यादव से मिलने वालों में ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और उसके भाई शामिल थे।
अधिकारी ने बताया, ''मुख्यमंत्री यादव ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस प्रकरण में परिवार की पूरी सहायता करेगी। इस मामले में जांच के लिए सीबीआई को भी पत्र लिखा जाएगा।''
अधिकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से कहा कि मृतका के दोबारा पोस्टमॉर्टम के संबंध में न्यायालय निर्णय करेगा, लेकिन परिजन यदि चाहते हैं तो पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इससे पहले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य विवेक तन्ख़ा ने मुख्यमंत्री यादव को पत्र लिखकर मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की थी।
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि मामले में यदि परिवार को किसी भी प्रकार का संदेह है और वे दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग कर रहे हैं, तो उसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ''किसी भी परिवार के लिए अपनी बेटी को खोना असहनीय पीड़ा है। ऐसे समय में पारदर्शिता और निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण होती है।''
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री जी को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर परिवार की मांग पर उचित निर्णय सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की आशंका या अविश्वास की स्थिति न बने।"
सिंघार ने कहा कि उन्होंने इस विषय मपर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल संज्ञान लेने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस बीच, भोपाल की एक स्थानीय अदालत ने बुधवार को आदेश दिया कि ट्विशा शर्मा के शव को सुरक्षित रखा जाए।
अदालत ने हालांकि शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की परिवार की मांग खारिज कर दी।
अदालत के इस निर्देश से कुछ घंटे पहले ही भोपाल पुलिस ने ट्विशा शर्मा के परिवार से शव के खराब होने की आशंकाओं के मद्देनजर उसे कब्जे में लेने का अनुरोध किया था।
ट्विशा का 13 मई को राजधानी भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में पोस्टमॉर्टम हुआ था और तभी से उसका शव वहां के मुर्दाघर में रखा हुआ है।
ट्विशा 12 मई की रात को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके पति वकील समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोपों से संबंधित एक प्राथमिकी दर्ज की।
मृतका की सास गिरिबाला सिंह सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं।
पुलिस ने सिंह के खिलाफ 'लुकआउट नोटिस' जारी करने की तैयारी आरंभ कर दी है।
भाषा ब्रजेन्द्र
धीरज
धीरज
2005 2043 भोपाल