सोना 800 रुपये चढ़ा, चांदी 5,000 रुपये टूटी
अजय
- 19 May 2026, 06:21 PM
- Updated: 06:21 PM
नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) अमेरिका-ईरान बातचीत में कामयाबी के संकेतों से महंगाई के दबाव की चिंता कम होने के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 800 रुपये बढ़कर 1.63 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं।
स्थानीय सर्राफा बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के बंद स्तर 1,62,800 रुपये प्रति 10 ग्राम से 800 रुपये बढ़कर 1,63,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) हो गई।
हालांकि, कमजोर औद्योगिक मांग और वैश्विक बाजार में सुस्त रुख के कारण चांदी की कीमतें 5,000 रुपये घटकर 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गईं।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ''अमेरिका-ईरान के बीच फिर से बातचीत की उम्मीद बढ़ने से मंगलवार को सोने की कीमतों में उछाल आया, जिससे लंबे समय से ऊर्जा संचालित महंगाई दबाव को लेकर कुछ चिंताएं कम हुईं।"
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के बाद कारोबारी धारणा बेहतर हुई कि उन्होंने ईरान पर सैन्य हमले की योजना रोक दी है, जिससे यह संकेत मिलता है कि इस मामले का एक राजनयिक समाधान अभी भी हो सकता है।
भू-राजनीतिक तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी कमी आई, जिससे हाल की तेज गिरावट के बाद बहुमूल्य धातुओं को समर्थन मिला।
गांधी ने कहा, "इसके अलावा, पिछले शुक्रवार की बड़ी बिकवाली के बाद सटोरिया लिवाली और सौदों की कमी को पूरा करने के लिए की गई लिवाली (शॉर्ट कवरिंग) ने बहुमूल्य धातुओं में हालिया सुधार में मदद की है।"
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 0.47 प्रतिशत टूटकर 4,544.78 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 2.01 प्रतिशत टूटकर 76.12 डॉलर प्रति औंस रह गई।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि हाजिर सोने की कीमतें लगभग 4,540 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही हैं, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतें थोड़ी कम होने के बावजूद ऊंची बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि निवेशक अब ब्याज दर चक्र और सर्राफा की कीमतों पर इसके असर के बारे में और संकेतों के लिए अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे का इंतजार कर रहे हैं।
सिंह ने कहा कि वैश्विक ब्याज दर, कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर अनिश्चितता के बीच अल्पावधि में सर्राफा की कीमतों में उतार-चढ़ाव रह सकता हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
1905 1821 दिल्ली